वरुण धवन, जिनका ये साल उनकी फ़िल्में बद्रीनाथ की दुल्हनिया और जुड़वा 2 की सफ़लता से अभूतपूर्व रहा, अगले साल एक अलग प्रकार की कहानी वाली फ़िल्म के साथ धूम मचाने के लिए तैयार है । शुजीत सरकार और वरुण धवन अपनी अगली फ़िल्म, अक्टूबर के लिए साथ आ रहे हैं । आपको बता दें कि फ़िल्म अक्टूबर, एक प्रेम कहानी पर बेस्ड फ़िल्म है जिसे जुही चतुर्वेदी ने लिखा है । इस फ़िल्म की शूटिंग सितंबर से शुरू हो चुकी है और इसमें वरुण धवन के अपोजिट नवोदित अभिनेत्री बनिता संधु नजर आएंगी ।

अब अब इस फ़िल्म के बारें में लेटेस्ट जानकारी यह है कि इस फ़िल्म को इसकी रिलीज डेट मिल गई है । वरुण ने ट्विटर पर आज इसकी रिलीज डेट का ऐलान किया । वरुण धवन ने ट्वीट करके कहा है कि, ‘इस साल का अक्टूबर खत्म होने की कगार पर है लेकिन यह अगले साल जल्द ही आयेगा क्योंकि मेरी फिल्म अक्टूबर अगले साल 13 अप्रैल के दिन रिलीज होगी ।’ “As October comes to an end it arrives earlier next year. #October releases on 13 th April now. @ShoojitSircar @ronnielahiri @BanitaSandhu.” यह फ़िल्म 13 अप्रैल 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । फ़िल्म का फ़र्स्ट लुक जारी हो चुका है जिसमें वरुण भागते हुए नजर आ रहे है और उनके चेहरे पर डर का भाव दिखाई दे रहा है ।

राइजिंग सन फिल्म्स के निर्माता रोनी लाहिरी ने कहा, ''राइज़िंग सन फिल्म्स में, हमारा प्रयास हमेशा ऐसी कहानियों को बनाने के लिए रहा है जो साधारण होती हैं, दर्शकों के साथ जुड़ती हैं और उनके साथ बनी रहती हैं । अक्टूबर, उम्मीद है कि उस दिशा में एक और कदम होगा । यह फिल्म 13 अप्रैल 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।"

लेकिन अब दिलचस्प बात यह है कि वरुण धवन की अक्टूबर एक बहुत बड़े बजट की फ़िल्म के साथ टकरा सकती है । आपको बता दें कि अक्षय कुमार और रजनीकांत अभिनीत फ़िल्म 2.0, जो पहले अगले साल गणतंत्र दिवस के दौरान रिलीज होने वाली थी, अब अप्रैल 2018 को रिलीज होगी । कयास लगाए गए कि यह फ़िल्म 13 अप्रैल 2018 को रिलीज होगी जब तमिल न्यू ईयर होता है और यह रजनीकांत के प्रशंसकों के लिए सबसे अच्छा रहेगा ।

गौरतलब है कि फ़िल्ममेकर शुजीत सरकार के साथ वरुण धवन पहली बार साथ काम कर रहे है । यदि सब कुछ प्लान के मुताबिक होता है तो इस बार वरुण धवन, बॉक्सऑफ़िस पर अक्षय कुमार और रजनीकांत से टकराएंगे ।