बायोपिक फ़िल्म के युग में अब रणवीर सिंह भी इस दौड़ में शामिल हो गए है । हमने सुना है कि रणवीर सिंह जल्द ही भारतीय दिग्गज क्रिकेटर और कप्तान, कपिल देव के रूप में नजर आने वाले हैं । आपको बता दें कि कपिल देव की जिंदगी पर आधारित बायोपिक फ़िल्म में भारतीय क्रिकेट टीम को साल 1983 में पहला क्रिकेट विश्व कप दिलाने वाली ऐतिहासिक जीत को दर्शाया जाएगा ।

रणवीर सिंह के प्रशंसकों के लिए ये खबर काफ़ी अहम है क्योंकि अब रणवीर सिंह दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव के किरदार को निभाएंगे । जी हां, कपिल देव की बायोपिक फ़िल्म को बजरंगी भाईजान के निर्देशन कबीर खान द्दारा बनाया जाएगा । सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग और साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवॉर्ड्स के फ़ाउंडर विष्णु इंदुरी इस बायोपिक फ़िल्म को प्रोड्यूस करेंगे ।

निर्माता विष्णु इंदुरी ने इस बात की पुष्टि कर कहा कि, कपिल देव की बायोपिक फ़िल्म पर साढ़े तीन साल से काम चल रहा है । तमाम संघर्ष के बाद, फ़ाइनली इस फ़िल्म के लिए रणवीर सिंह और कबीर खान के गठजोड़ पर मुहर लगाई गई है । उन्हें लगता है कि रणवीर सिंह की एनर्जी और जुनून दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव के किरदार को निभाने के लिए एकदम उपयुक्त है ।

कबीर खान, जिसने हाल ही में स्क्रिप्ट पर काम खत्म किया है, ने कहा कि, जब वह स्कूल बॉय थे तब उन्होंने वह ऐतिहासिक जीत वाला मैच देखा था । कबीर खान ने कहा कि फ़िल्ममेकर के रूप में, यह सबसे रोमांचक कहानियों में से एक है, जो एक युवा भारतीय टीम के अत्यधिक ऊर्जा और जुनून से भरी हुई है । वह इस फ़िल्म में रणवीर सिंह को लेकर बेहद उत्साहित है क्योंकि वह इस भूमिका में केवल उन्हें देख पा रहे थे जब उन्होंने स्क्रिप्ट पर काम करना शुरू किया था । सूत्र के मुताबिक, फिल्म की आधिकारिक घोषणा 27 सितंबर को मुंबई में की जाएगी ।

हाल ही के दिनों में क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन और महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक फ़िल्म आई जिसमें क्रमश: इमरान हाशमी और सुशांत सिंह राजपूत लीड रोल में नजर आए थे ।

फ़िल्मों की बात करें तो, रणवीर सिंह इन दिनों संजय लीला भंसाली की पीरियड ड्रामा फ़िल्म पद्मावती, जिसमें वह अलाउद्दीन खिलजी के किरदार में नजर आएंगे, की तैयारियों में जुटे हुए हैं । इस फ़िल्म में रण्वीर के अलावा दीपिका पादुकोण, रानी पद्मावती के किरदार में और शाहिद कपूर, राजा रावल रतन सिंह के किरदार में नजर आएंगे । यह फ़िल्म 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।