
कंगना रानौत और ऋतिक रोशन के बीच का छिड़ा विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है । अभी कुछ दिन पहले ऋतिक रोशन द्दारा कंगना रानौत के खिलाफ़ कराई गई 29 पेज की शिकायत की एक कॉपी को एक न्यूज चैनल सबके सामने लाया जिसमें ऋतिक ने कंगना पर उन्हें अश्लील मेल भेजने का आरोप लगाया । ऋतिक ने आरोप लगाया था कि कंगना वास्तव में लंबे समय से उनका पीछा कर रही थी जबकि उनका रिश्ता उनके साथ सिर्फ़ प्रोफ़ेशनल था । और इसके बाद कल, कंगना रानौत के वो मेल जो उन्होंने कथित तौर पर ऋतिक रोशन को भेजे थे, सामने आ गए और जिसने इस विवाद को और ज्यादा बढ़ा दिया ।
आपको बता दें कि ऋतिक रोशन -कंगना रानौत के बीच ये विवाद तब पैदा हुआ जब कंगना ने अपने एक इंटरव्यू में ऋतिक को 'सिली एक्स' कह दिया । इसके बाद उनके इस झगड़े ने कानूनी शक्ल अख्तियार कर ली । कंगना द्दारा लगाए गए तमाम आरोपों पर ऋतिक रोशन ने चुप्पी बनाए रखी थी लेकिन लंबे समय तक चुप्पी साधने के बाद आखिरकार ऋतिक ने इस मामले पर मुंह खोला और अपनी बात रखने के लिए उन्होने ट्विटर का सहारा लिया । यहां उन्होंने अपनी बात रखने के लिए दो या चार ट्वीट नहीं बल्कि दो पन्नों की एक चिट्ठी पोस्ट की है ।
फेसबुक पर जारी एक बयान में, ऋतिक रोशन ने न केवल कंगना रानौत के साथ रिश्ते के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है, बल्कि उन्होंने अपना पक्ष भी रखा और स्पष्ट किया कि वह सात
साल के लंबे रिश्ते में कभी भी उनसे नहीं मिले । लेकिन, पूरे परिदृश्य में, उन्होंने अपना पक्ष बिना किसी के नाम लिए रखा । अभिनेता ने स्पष्ट किया कि उनका साथ काइट्स और क्रिश 3 में उनके साथ काम करने के अलावा और किसी भी प्रकार का नहीं था । एक विस्तृत पोस्ट में, उन्होंने पेरिस में हुई कथित सगाई के बारे में भी उल्लेख किया लेकिन पेरिस की यात्रा के बारे में उनके पासपोर्ट में कोई विवरण नहीं मिला ।
ऋतिक ने अपनी पोस्ट में लिखा;-
मैं क्रिएटिविटी, प्रोडक्टिविटी और कंस्ट्रक्टिव वर्क की राह पर चलना पसंद करता हूं । जिस भी चीज का इससे वास्ता नहीं होता मैं उसे इग्नोर करना पसंद करता हूं ।
मुझे लगता है कि अनचाही बातों से बचने और डिग्निटी के रास्ते पर चलने के लिए ऐसी बातों को इग्नोर करना ही बेस्ट तरीका है । लेकिन बुरी सेहत की तरह कभी-कभी इन बातों को इग्नोर करने से हालात और बिगड़ जाते हैं. मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ है ।
मुझे खुद को सही साबित करने के लिए इस सर्कस में कूदना किसी भी तरह ठीक नहीं लगता । मुझे इस मामले में घसीटा जा रहा है । सच ये है कि मैं अपनी जिंदगी में कभी इस महिला (कंगना) से आमने-सामने नहीं मिला हूं । हां, हमने साथ काम किया है, लेकिन हमारी किसी तरह की कोई पर्सनल मीटिंग नहीं हुई ।
प्लीज ये समझने की कोशिश करें । मैं किसी आरोप या अफेयर के खिलाफ नहीं लड़ रहा हूं और ना ही मैं 'गुड बॉय' इमेज के लिए बच्चों की तरह बर्ताव कर रहा हूं । मुझे अपनी गलतियों के बारे में पता है, मैं भी इंसान हूं ।
मैं केवल अपने आप को कुछ और सीरियस, सेंसिटिव चीजों से बचा रहा हूं, जो ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती हैं ।
दुख की बात ये है कि मीडिया और पब्लिक में से कम ही लोग सच सुनने में रुचि रखते हैं । अगर लोगों को झूठ ही कंफर्टेबल लगता है, क्योंकि उससे उनकी उस दुनिया पर असर नहीं पड़ता जहां लड़की विक्टिम होती है और लड़का आक्रामक, तो मुझे उससे भी कोई परेशानी नहीं है ।
बॉलीवुड के दो हाई प्रोफाइल एक्टर्स के बीच चला एक कथित सात साल लंबा अफेयर जिसके बारे में कोई सबूत नहीं है । ना कोई तस्वीर, ना गवाह, यहां तक कि कथित इंगेजमेंट की भी
कोई तस्वीर या सेल्फी नहीं । जिसके लिए दावा किया जाता है कि वह जनवरी साल 2014 में पेरिस में हुई ।
लेकिन तब भी हम इस बात पर विश्वास कर रहे हैं केवल इसलिए कि एक लड़की क्यों झूठ बोलेगी । मेरी पासपोर्ट डिटेल बताती है कि साल 2014 जनवरी में मैं कहीं बाहर नहीं गया ।
इस रिश्ते का जो एक सबूत पेश किया जा रहा था वह एक फोटोशॉप की गई तस्वीर थी । मेरे दोस्त यहां तक कि मेरी एक्स वाइफ ने इससे साफ इंकार कर दिया था ।
यहां तीन हजार वन साइडेड ईमेल हैं । जो या तो मैंने खुद को भेजे हैं या सवालों में घिरी महिला ने मुझे भेजे हैं । साइबर क्राइम डिपार्टमेंट कुछ दिनों में इसे सच या झूठ साबित कर देगा ।
















