फ़ैमिली ऑडियंस के लिए फ़िल्में बनाने वाले सूरज बड़जात्या की अगली फैमिली ड्रामा में आयुष्मान खुराना लीड रोल में नजर आने वाले हैं । और ये बात ख़ुद आयुष्मान खुराना ने मुंबई में आयोजित FICCI Frames 2025 के पहले दिन पत्रकार मयंक शेखर के साथ हुई बातचीत में कंफ़र्म की है । इतना ही नहीं आयुष्मान खुराना ने करण जौहर के साथ भी अपनी फ़िल्म को लेकर बात की ।

आयुष्मान खुराना के पास राजश्री और धर्मा की फ़िल्में
आयुष्मान ने बताया कि वे हमेशा से ‘हाइब्रिड फिल्मों’ का हिस्सा रहे हैं यानी ऐसी फिल्में जो मनोरंजन के साथ सोचने पर मजबूर करें। उन्होंने कहा,“मैंने शुरू से ही हाइब्रिड फिल्में की हैं, चाहे वो विकी डोनर हो, दम लगा के हइशा या शुभ मंगल सीरीज़। इन फिल्मों का रिस्क-टू-रिवॉर्ड रेशियो अलग होता है क्योंकि ये लो या मिड-बजट में बनती हैं और कंटेंट पर चलती हैं। इतना रिस्क तो लिया जा सकता है (मुस्कुराते हुए)।”
थिएटर बैकग्राउंड से आने वाले आयुष्मान ने बताया कि उनकी फिल्मों में सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन का मेल उनके स्ट्रीट थिएटर के दिनों की देन है। उन्होंने कहा, “मनोरंजन का हिस्सा हमेशा मैसेजिंग से ऊपर होना चाहिए। दर्शक बच्चों की तरह होते हैं दवाई अगर कड़वी लगेगी तो असर नहीं होगा, इसलिए मीठी गोली देनी पड़ती है। यानी, मनोरंजन में लिपटी हल्की-फुल्की बात ही सबसे असरदार होती है।”
जब उनसे प्री-पैंडेमिक और पोस्ट-पैंडेमिक सिनेमा के फर्क पर पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “महामारी से पहले मेरी फिल्में ज़्यादा टैबू विषयों पर होती थीं। अब मैं टैबू से थोड़ा दूर हूँ, लेकिन अतरंगी कॉन्सेप्ट से नहीं। अब मेरी फिल्मों का कैनवास बड़ा, ज़्यादा रूटेड और ज़्यादा कमर्शियल है।”
आने वाली फिल्मों की बात करते हुए आयुष्मान ने बताया, “थामा मेरी पहली बड़ी दिवाली रिलीज़ है। इसके बाद मैं सूरज बड़जात्या की फिल्म कर रहा हूँ, जो फैमिली ऑडियंस के लिए होगी। साथ ही मैं धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म भी कर रहा हूँ, जो बड़े दर्शक वर्ग को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है। लेकिन बीच-बीच में मैं अपनी ‘टेढ़ी’ फिल्में करता रहूँगा वो मेरी पहचान हैं।”
इस बातचीत में पहली बार आयुष्मान ने राजश्री प्रोडक्शंस और धर्मा प्रोडक्शंस की आने वाली फिल्मों को साइन करने की आधिकारिक पुष्टि की, जिससे उनके फैंस के बीच उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
















