सलमान खान अभिनीत भारत जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है ऐसे में फ़िल्म की स्टारकास्ट फ़िल्म के प्रमोशन में जी जान से जुट गई है । इस फ़िल्म में सुनील ग्रोवर भी अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं । सुनील ग्रोवर, जो कपिल शर्मा के शो द कपिल शर्मा शो से घर-घर में पहचाने जाने लगे, हर किरदार को बड़ी ही शिद्दत से निभाते है । सुनील की यही प्रतिभा भारत में भी देखने को मिले्गी । सुनील के फ़ैंस अपने चहेते कलाकार को भारत के माध्यम से फ़िल्मी पर्दे पर तो देख लेंगे लेकिन उनके फ़ैंस एक बार फ़िर उन्हें कपिल के शो में लोगों को हंसाते हुए देखना चाहते हैं । यूं तो इस खबर पर कई तरह के कयास लगाए गए लेकिन अब खुद सुनील ने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी है ।

कपिल शर्मा के शो में वापसी नहीं करेंगे सुनील ग्रोवर
सबसे पहले आपको बता दें कि जब से कपिल शर्मा ने अपना कॉमेडी शो, कॉमेडी नाइट्स विद कपिल और फ़िर उसके बाद द कपिल शर्मा शो शुरू किया, तब से कपिल और सुनील ने मिलकर दर्शकों को खूब हंसाया है । दर्शकों की पसंदीदा जोड़ी में से एक बन गई थी सुनील-कपिल की जोड़ी । लेकिन फ़िर ऑस्ट्रेलिया से लौटते वक्त कपिल और सुनील में जो झगड़ा हुआ उसके बाद सुनील ने कपिल से अपने रास्ते अलग कर लिए और उसके बाद से अब तक दोनों कभी साथ नजर नहीं आए । जहां कपिल एक बार फ़िर अपना कॉमेडी शो से जादू चलाने में बिजी हो गए हैं वहीं सुनील ने बड़े पर्दे की ओर रूख कर लिया है ।
कपिल का शो नहीं देखते सुनील ग्रोवर
जब सुनील से पूछा गया कि वह कपिल के शो में कब लौट रहे हैं इस पर सुनील ने साफ़-साफ़ इंकार किया । मीडिया से बातचीत के दौरान सुनील ने कहा कि, सलमान ने उन्हें शो में वापस लौटने के लिए कई मर्तबा समझाने की कोशिश की लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि उन्होंने उन पर इसके लिए दबाव बनाया । सुनील ने आगे बताया कि सलमान ने उन्हें इस बाबत कभी फ़ोर्स नहीं किया ।
मतलब साफ़ है कि फ़िलहाल तो सुनील का शो में वापसी का कोई प्लान नहीं है । बातचीत के दौरान जब सुनील से पूछा गया कि क्या वो कपिल का शो अब देखते हैं ? इस सवाल का जवाब देते हुए सुनील ने कहा, अगर वो किसी शो में नहीं हैं, तो वह उसे देखते भी नहीं हैं ।"
वैसे फ़ैंस बेसब्री से कपिल और सुनील को एक बार फ़िर साथ देखना चाहते हैं । लेकिन लगता है फ़ैंस का ये इंतजार कुछ ज्यादा ही लंबा चलने वाला है ।
















