शाहरुख खान की कमबैक फ़िल्म पठान का जहां सभी को बेसब्री से इंतजार था वहीं फ़िल्म के एक गाने ‘बेशर्म रंग’ ने फ़िल्म को विवादों में ला दिया । ‘बेशर्म रंग’ में दीपिका के सेंसुअल डांसिंग मूव्स , टोन्ड फिगर और बिकिनी लुक पर तो आपत्ती जताई गई साथ ही दीपिका पादुकोण की 'भगवा बिकिनी' पर खूब राजनीति हुई । इतना ही नहीं फिल्म को बैन करने तक की मांग हुई । अब जबकि फ़िल्म अपनी रिलीज, जो कि 25 जनवरी 2023 है, के करीब आ रही है ऐसे में मेकर्स फ़िल्म की रिलीज के लिए सेंसर सर्टिफिकेशन के लिए CBFC एग्जामिनेशन कमिटी के पास पहुंचे । और अब CBFC के सूत्रों से पता चला है कि CBFC ने पठान के ‘बेशर्म रंग’ गाने में कुछ बदलाव करने को कहा है ।

‘बेशर्म रंग’ को लेकर उठे विवाद के बाद सेंसर बोर्ड ने मेकर्स को शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की पठान को थिएटर में रिलीज करने से पहले कुछ बदलाव करने का आदेश दिया

थिएटर में रिलीज से पहले शाहरुख खान की पठान में होंगे बदलाव

CBFC गाइडलाइंस के हिसाब से फिल्म को बारीकी से देखा गया है । और अब खबरों की मानें तो, CBFC कमिटी ने पठान के थिएटर में रिलीज से पहले रिवाइज्ड वर्जन को सब्मिट करने का आदेश दिया है । प्रसून जोशी ने मीडिया को एक आधिकारिक बयान में कहा, “फिल्म हाल ही में सर्टिफ़िकेशन के लिए एग्जामिनेशन कमिटी के पास पहुंची और बोर्ड के दिशानिर्देशों के अनुसार उचित और पूरी तरह से जांच प्रक्रिया से गुजरी ।”

सीबीएफसी के अध्यक्ष, प्रसून जोशी ने आगे कहा, “पठान सीबीएफसी के दिशानिर्देशों के अनुसार नियत और जांच प्रक्रिया से गुजरे । समिति ने निर्माताओं को गाने सहित फिल्म में सुझाए गए बदलावों को लागू करने और थिएटर में रिलीज से पहले संशोधित संस्करण प्रस्तुत करने के लिए कहा है ।”

उन्होंने आगे कहा, “सेंसर बोर्ड हमेशा ही क्रिएटिव एक्सप्रेशंस और लोगों की सेंसिबिलिटी के बीच सही तालमेल बनाकर रखती है. हम भरोसा करते हैं कि आपस में बातचीत के जरिए सभी सभी मुद्दों का समाधान ढूंढा जा सकता है । जब तक सुझाए बदलावों पर काम होता है, मैं ये बताना चाहूंगा कि हमारी संस्कृति और भरोसा गौरवशाली, जटिल और सूक्ष्म है । हमें ध्यान देना होगा इसे किसी किस्से के जरिए ना परिभाषित किया जाए । जो सच और वास्तविकता से ध्यान भटकाए । जैसा कि मैंने पहले भी कहा था कि क्रिएटर्स और ऑडियंस के बीच भरोसे को बचाए रखना बहुत जरूरी है । क्रिएटर्स को इसी दिशा में काम करना चाहिए ।”

पठान में शाहरुख़ और दीपिका के अलावा जॉन अब्राहम भी लीड रोल में नज़र आएंगे । सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी पठान में वीएफएक्स और एक्शन का जबरदस्त कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा जिसकी झलक टीज़र में मिल गई है । 25 जनवरी 2023 को पठान हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषा में रिलीज़ होगी ।