महामारी बने कोरोना वायरस की वजह से पूरी दुनिया में लॉकडाउन का माहौल पैदा हो गया है । यह वायरस और तेजी से न फ़ैले इसके लिए स्कूल-कॉलेज, जिम, थिएटर्स सभी कुछ बंद कर दिए गए हैं । थिएटर्स बंद होने से सबसे ज्यादा प्रभावित दो फ़िल्में हुईं हैं एक तो इरफ़ान खान की अंग्रेजी मीडियम और दूसरी टाइगर श्रॉफ़ की बागी 3 । इसलिए कोरोना की वजह से पैदा हुई लॉकडाउन की स्थिती खत्म होने के बाद बागी 3 और अंग्रेजी मीडियम, दोनों ही फ़िल्मों को फ़िर से रिलीज करने की योजना बनाई जा रही है ।

बागी 3 और अंग्रेजी मीडियम ने सबसे ज्यादा दुष्प्रभाव झेला
टाइगर श्रॉफ़ की हिट फ़्रैंचाइजी बागी की तीसरी किश्त बागी 3 ने हालांकि सभी बाधाओं को पार करते हुए पहला हफ़्ता सफ़लतापूर्वक पार किया लेकिन दूसरे हफ़्ते में ये फ़िल्म कोरोना वायरस की वजह से फ़िसल गई ।
वहीं इरफ़ान खान की अंग्रेजी मीडियम की बात करें तो, यह फ़िल्म 13 मार्च को रिलीज हुई थी और कोरोना वायरस के खौफ़ के चलते बिना कमाए डूब गई । हालांकि फ़िल्म के निर्माता दिनेश विजान ने पहले ही अनाउंस कर दिया है कि कोरोना महामारी से स्थिती संभलने के बाद वह फ़िर से अपनी फ़िल्म को रिलीज करने का विचार कर रहे हैं । ऐसे में टाइगर की बागी 3 को लेकर मुश्किल बढ़ सकती है ।
फ़िल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि, “जहां बागी 3 के निर्देशक अहमद खान और निर्माता साजिद नाडियाडवाला फ़िल्म को फ़िर से रिलीज करने के लिए तैयार हैं वहीं इसके सह-निर्माता फॉक्स-स्टार उनके इस विचार से सहमत नहीं हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि, इसके लिए फ़िर से मार्केटिंग और प्रमोशन में पैसा खर्च करना होगा ।”
यह भी पढ़ें : अंग्रेजी मीडियम के बाद इरफान खान फ़िलहाल साइन नहीं करेंगे कोई फ़िल्म, हेल्थ बनी वजह
वहीं फ़िल्म के निर्देशक अहमद खान का कहना है कि, “हम पहले ही बागी 3 को कोरोना वायरस के बीच रिलीज करने की गलती कर चुके हैं । अब तो हमने इस फ़ैसले को पूरी तरह से फ़िल्म के प्रोड्यूसर्स साजिद भाई (नाडियाडवाला) और फॉक्स-स्टार पर छोड़ दिया है । वो जो भी फ़ैसला लेंगे मैं उसके साथ हूं ।”
















