बॉलीवुड में ड्रग्स को लेकर सख्त हुई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने आज सोमवार को बॉलिवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल के मुंबई स्थिर घर पर छापेमारी कर तलाशी ली । बॉलीवुड ड्रग्स रैकेट के मामले में एनसीबी अर्जुन रामपाल के अलग-अलग ठिकानों छापेमारी कर रही है । बॉलीवुड ड्रग्स रैकेट के सिलसिले में एनसीबी की पहले से चल रही जांच का ही यह एक हिस्सा माना जा रहा है । अर्जुन रामपाल का नाम इस मामले में पहले भी उछला था ।

बॉलीवुड में ड्रग्स कनेक्शन को लेकर अर्जुन रामपाल के घर NCB की रेड, ड्राइवर को हिरासत में लिया

अर्जुन रामपाल के घर पर एनसीबी की रेड

एनसीबी सूत्रों के अनुसार, अर्जुन के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है । बता दें कि कुछ दिन पहले एनसीबी ने अर्जुन की गर्लफ़्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के भाई अगिसियालोस डेमेट्रिएड्स को ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया था । एनसीबी ने उसके पास से हशीष और एल्प्राजोलम की टेबलेट्स जब्त की थी । इससे पहले बेंगलुरु पुलिस ने आदित्य सेल्वा की तलाश में अभिनेता विवेक ओबेरॉय के घर की भी तलाशी ली थी ।

दरअसल, बॉलीवुड में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद ड्रग्स कनेक्शन का दायरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है । एनसीबी ने कल, रविवार को बॉलीवुड ड्रग्स कनेक्शन मामले में फिल्म प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला की पत्नी को गिरफ्तार किया था । इसके साथ ही फिरोज नाडियाडवाला को एनसीबी ने समन भी भेजा है । इससे पहले छापेमारी में एनसीबी की टीम ने फिरोज के घर से ड्रग्स बरामद किया था ।

गौरतलब है कि, बॉलीवुड में ड्रग्स कनेक्शन को लेकर एनसीबी पहले ही दीपिका पादुकोण, सारा अली खान, श्रद्धा कपूर और रकुल प्रीत सिंह से पूछताछ कर चुकी है । वहीं रिया चक्रवर्ती भी ड्रग्स मामले में सशर्त जमानत पर रिहा हो चुकी है ।