
अनिल कपूर, जो पिछली बार जोया अख्तर की फ़िल्म दिल धड़कने दो में नजर आए थे, जल्द ही अनीस बज्मी की आगामी फ़िल्म 'मुबारका' में नजर आएंगे । अनिल कपूर इस फ़िल्म की शूटिंग जनवरी 2017 से शुरू करेंगे ।
हाल ही में स्टारडस्ट पुरस्कार 2016 में, अनिल कपूर ने मीडिया को अपनी फ़िल्म के बारें में और रोल के बारें में जानकारी दी । उन्होंने कहा कि, “मैं इस फ़िल्म में एक सरदार की भूमिका अदा कर रहा हूं । मैं इस फ़िल्म की शूटिंग 14 जनवरी से शुरू करुंगा । अर्जुन ने पहले से ही इस फ़िल्म की शूटिंग शुरू कर दी है ।”
हाल ही में, अनिल कपूर सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने इस फ़िल्म के लिए लुक को रिजेक्ट कर दिया था । हालांकि बाद में अनिल कपूर ने ये साफ़ किया कि उन्होंने उस लुक को रिजेक्ट नहीं किया बल्कि निर्देशक ने खुद उस लुक को रिजेक्ट किया था । उन्होंने आगे कहा कि, “मैंने मुबारका के लिए उस लुक को ट्राई किया था । मैंने कई अलग-अलग लुक को भी ट्राई किया था…और ये उन्हीं में से एक है, लेकिन मेरे निर्देशक अनीज़ बज्मी ने ये लुक रिजेक्ट कर दिया था । उन्होंने कहा कि उन्हें सरदार का रोल निभाना पड़ेगा, जो पगड़ी पहनता है ।”
मुबारका में पहली बार असल जिंदगी की चाचा-भतीजे -अनिल कपूर और अर्जुन कपूर की जोड़ी सिल्वर स्क्रीन पर नजर आएगी । इस फ़िल्म में अनिल कपूर-अर्जुन कपूर के अलावा इलियाना डिक्रूज, आथिया शेट्टी और नेहा शर्मा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी ।
















