
अमेरिकन सीरिज 24 के भारतीय रीमेक के दूसरे सीजन के साथ अनिल कपूर बहुत जल्द फ़िर से छोटे पर्दे पर छाने को तैयार हैं , वहीं दूसरी तरफ़ अनिल कपूर हॉलीवुड की एक्शन पैक्ड फ़िल्म रेड को बॉलीवुड स्टाइल में बनाने की तैयारी में जुट गए हैं । अभिनेता से निर्माता बने अनिल कपूर ने हाल ही में एक अग्रणी वैश्विक मनोरंजन कंपनी लॉयन्सगेट के साथ हॉलीवुड की एक्शन-कॉमेडी फ़िल्म रेड को हिंदी में बनाने का गठबंधन किया है ।
अनिल कपूर अपने बैनर अनिल कपूर फिल्म कंपनी के तहत 2010 में हिट हुई अमेरिकी एक्शन कॉमेडी फिल्म रेड का हिंदी रूपांतरण बनाएंगे । सोशल मीडिया पर इस फ़िल्म का पोस्टर पोस्ट करते हुए अनिल कपूर ने आगे कहा कि , हम आपके लिए ला रहे हैं मल्टीस्टारर एक्शन-कॉमेडी फ़िल्म #रेड ! कुछ साहसिक कार्य की शुरूआत करते हैं @लॉयन्सगेट । इसी के साथ अपने पापा अनिल कपूर को प्रोत्साहित करते हुए सोनम कपूर ने ट्विट कर कहा कि मेरे पापा ने अपने कैरियर के दौरान कई शानदर प्रोजेक्ट पर काम किया है लेकिन इतना उत्साहित कभी नहीं देखा !@अनिलकपूर रेड के लिए पूरी तरह तैयार हैं ! जबकि अभी इस फिल्म के निर्माता किरदार के लिए कलाकारों का चयन कर रहे हैं और इसकी शूटिंग अगस्त में शुरू होगी ।
अनिल कपूर के मुताबिक कई फिल्मी सितारों वाली यह सफल फिल्म भारतीय दर्शकों के लिए आदर्श होगी क्योंकि इसमें वे सभी चीजें हैं जिन्हें हमारे दर्शक पसंद करते हैं जैसे एक्शन, ड्रामा और कॉमेडी ।
निर्देशक रोबर्ट स्चवेंटके की हॉलीवुड फ़िल्म रेड में ब्रूस विलिस, मार्गन फ्रीमैन, जॉन माल्कोविच, हेलेन मिरेन, कार्ल अर्बन और मैरी-लुइस पारकर ने मुख्य भूमिका निभाई थी ।
















