अमिताभ बच्चन आज 11 अक्टूबर को अपना 79वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं । अपने बर्थडे के दिन एक बड़ा ऐलान करते हुए अमिताभ बच्चन ने एक पान मसाला एड को नहीं करने का फ़ैसला किया है । दरअसल, कुछ समय पहले अमिताभ पान मसाला ब्रांड के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया था जिसके चलते वह सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हुए थे । तब बिग बी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी लेकिन अब उन्होंने पान मसाला ब्रांड, कमला पसंद के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट तोड़ दिया है । साथ ही अमिताभ बच्चन को जो इस विज्ञापन के लिए फ़ीस मिली थी उसे भी उन्होंने वापस कर दिया है ।

अमिताभ बच्चन ने कमला पसंद के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट तोड़ा
अमिताभ को एक राष्ट्रीय तंबाकू विरोधी संगठन द्वारा विज्ञापन अभियान से खुद को वापस लेने का अनुरोध किया गया था । अनुरोध में कहा गया कि यह युवाओं को तंबाकू का आदी बनने से रोकेगा । फैंस भी इसकी आलोचना कर रहे थे । अब अमिताभ ने खुद एक ऑफ़िशियल बयान जारी कर बताया कि उन्होंने इस ब्रांड से खुद को अलग कर लिया है ।
अपने एक ब्लॉग के जरिए बिग बी ने ये ऐलान कर दिया है कि वह पान मसाला ब्रांड के साथ अपना ये कॉन्ट्रैक्ट तोड़ रहे हैं । अमिताभ की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, “कुछ दिन पहले कमला पसंद का विज्ञापन एयर हुआ था । इसके बाद अमिताभ बच्चन ने ब्रांड से संपर्क साधा था और पिछले हफ्ते इस ब्रांड प्रमोशन से खुद को अलग कर लिया ।” अमिताभ बच्चन की टीम ने इस कदम की जानकारी दी जा रही है कि बिग बी को यह नहीं पता था कि यह सरोगेट एडवर्टाइजिंग है । टीम ने बताया है, “अब अमिताभ बच्चन ने ब्रांड के साथ अपने करार को खत्म कर दिया है । इस बारे में उन्हें जानकारी दे दी है और प्रमोशन के लिए मिले पैसे भी लौटा दिए हैं ।”
नेशनल एंटी-टोबैको ऑर्गेनाइजेशन ने भी भी बिग से अनुरोध किया था
गौरतलब है कि, अमिताभ ने कमला पसंद का एड किया था जिसके बाद इसे लेकर कई सारे लोगों ने आपत्ति जताई थी । लोगों का ऐसा मानना था कि देश की सीनियर मोस्ट पर्सनैलिटी होने के नाते अमिताभ बच्चन को ऐसे विज्ञापन नहीं करने चाहिए । नेशनल एंटी-टोबैको ऑर्गेनाइजेशन ने भी अमिताभ से रिक्वेस्ट की थी कि बिग बी इस एड से अपना नाम वापस ले लें ।
वर्क फ़्रंट की बात करें तो, अमिताभ इन दिनों कौन बनेगा करोड़पति को होस्ट कर रहे हैं, और शो जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर रहा है । इसके अलावा हाल ही में उनकी फिल्म चेहरे रिलीज हुई थी, जिसमें इमरान हाशमी और रिया चक्रवर्ती नजर आए थे । उनके आने वाली फ़िल्में हैं_ झुंड, ब्रह्मास्त्र, बटरफ्लाई, मेडे, गुडबाय और नाग अश्विन की एक फिल्म ।
















