उम्र काम के आड़े कभी नहीं आती और इसके साक्षात उदाहरण हैं दिग्गज बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन, उम्र के इस पड़ाव पर भी लगातार काम किए जा रहे हैं । अमिताभ इस साल पूरे 75 साल के हो जाएंगे लेकिन उनके काम के जज्बे और जोश में कोई कमी नजर नहीं आ रही है । वह कहते हैं कि 2019 में भी उनकी 'वर्क डायरी' भरी होगी ।

रविवार की रात, अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर साल 2019 तक अपने व्यस्त शेडयूल के बारें में खुलकर बताया । उन्होंने लिखा, '...खुशकिस्मती की बात है कि कल से फिर काम शुरू करने जा रहा हूं...'102 नॉट आउट ।' इस महीने के अंत में या अगस्त शुरू होने के कुछ दिनों के भीतर इसकी शूटिंग खत्म हो जाने की उम्मीद । और फिर 'केबीसी'.. उसके बाद कुछ अन्य प्रॉजेक्ट्स.. फिर 'ठग्स ऑफ हिंदुस्तान' और उसके बाद भी 2018 में अन्य बहुत कुछ । उम्मीद है, 2019 में भी यह सिलसिला जारी रहेगा ।'

फ़िल्मों की बात करें तो, अमिताभ बच्चन आगामी फ़िल्म 102 नॉट आउट में ॠषि कपूर के पिता के किरदार में नजर आएंगे । यह फ़िल्म 1 दिसंबर 2017 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । इसके अलावा वह यशराज फ़िल्म्स की आगामी फ़िल्म ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान में आमिर खान, कैटरीना कैफ़ और फ़ातिमा सना शेख के साथ अहम किरदार में नजर आएंगे ।