फ़िल्ममेकर अनुराग कश्यप पर हाल ही में अभिनेत्री पायल घोष ने यौन शोषण और गलत व्यवहार करने जैसा गंभीर आरोप लगाया । पायल घोष ने अनुराग पर आरोप लगाते हुए बताया कि साल 2015 में अनुराग कश्यप ने उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी । पायल ने इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय से भी मदद मांगी है । हालांकि अपने ऊपर लगे इन आरोपों को अनुराग कश्यप ने सिरे से खारिज कर दिया है । इसी के साथ अनुराग ने अब अपने वकील के माध्यम से बयान जारी कर कहा है कि उनके खिलाफ लगाए सभी आरोप झूठे हैं और इसे कानून तरीके से निपटाया जाएगा ।

अनुराग कश्यप ने अपने ऊपर लगे यौन शोषण आरोपों को बताया बेबुनियाद, कहा- ‘ये आरोप बुरी भावना और बेईमानी से लगाए गए हैं’

अनुराग कश्यप इन आरोपों से बहुत आहत हुए हैं

अनुराग ने अपने वकील प्रियंका खिमानी के जरिए एक बयान जारी किया है जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है । इस बयान में प्रियंका ने कहा है कि उनके क्लायंट पर यौन शोषण के झूठे आरोप लगाए गए हैं और इससे वह बेहद आहत हैं । इस पोस्ट को शेयर करते हुए अनुराग ने लिखा, “मेरी तरफ से मेरी वकील प्रियंका खिमानी का बयान... शुक्रिया ।”

इस बयान में लिखा है, “मेरे क्लाईंट अनुराग कश्यप यौन शोषण के उन झूठे आरोपों से आहत हुए हैं, जो इस वक्त सोशल मीडिया पर फैला हुआ है । ये आरोप पूरी तरह से झूठ हैं, बुरी भावना और बेईमानी से लगाए गए हैं । बहुत दुखद है कि मीटू जैसे जरूरी सोशल मूवमेंट को हथियार बनाकर किसी के चरित्र पर आघात करने की कोशिश की गई है । इस तरह के झूठे आरोप, मीटू से जुड़े उन पीड़ितों के लिए आघात है जो सच में ऐसी कठिन परिस्थितियों से गुज़रे हैं । मेरे क्लाईंट को उनके सारे कानूनी तरीके और अधिकार समझा दिए गए हैं और वो पूरी तरह से उनका इस्तेमाल करने को तैयार हैं ।- प्रियंका खिमानी. ।”

हालांकि पायल के आरोपों के बाद अनुराग को कई बॉलीवुड हस्तियों का सपोर्ट मिल रहा है । इन लोगों में अनुराग की पूर्व पत्नी आरती बजाज सहित तापसी पन्नू, राधिका आप्टे, हंसल मेहता जैसे लोग शामिल हैं ।

बता दें कि पायल घोष ने आरोप लगाया था कि अनुराग ने उन्हें अपने घर पर बुलाकर जोर-जबरदस्ती की कोशिश की । पायल ने यह भी कहा कि वह काफी पहले इस बात को सामने लाना चाहती थी लेकिन उनके परिवार और दोस्तों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया था । लेकिन अब पायल अपने वकील के साथ मुंबई के ओशिवरा पुलिस स्टेशन में अनुराग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगी ।