संजय लीला भंसाली की बहुप्रतिक्षित फ़िल्म गंगूबाई काठियावाड़ी शुरूआत से ही चर्चा में बनी हुई है । इस फ़िल्म में आलिया भट्ट गैग़स्टर गंगूबाई के किरदार में नजर आएंगी । आलिया की गंगूबाई साल 2021 की सबसे बहुप्रतिक्षित फ़िल्मों में से एक है । बीते साल शुरू हुई गंगूबाई की शूटिंग लॉकडाउन की वजह से बीच में ही रोकनी पड़ी । लेकिन अब संजय लीला भंसाली गंगूबाई की स्टारकास्ट के साथ फ़िर से शूटिंग शुरू करने के लिए तैयार हैं और इसके बाद फ़िल्म की शूटिंग पूरी हो जाएगी ।

आलिया भट्ट जल्द खत्म करेंगी गंगूबाई काठियावाड़ी की शूटिंग
5 जून को महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना कर्फ़्यू के बाद सख्त कोरोना गाइडलाइन्स के साथ अपने नए अनलॉक प्लान के तहत फ़िल्मों और टीवी शोज की शूटिंग की इजाजत दे दी है । फिल्म और टीवी सीरियल्स की शूटिंग के लिए नए दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं । नए SOP के तहत शूटिंग बायो-बबल में होगी । यानी एक सीमित दायरे में रहकर ही शूट करना होगा । इसके साथ ही शूटिंग के लिए 8 घंटों का वक्त निर्धारित किया गया है । इन्हीं नए नियमों को फ़ोलो करते हुए भंसाली आलिया और क्रू के साथ 15 जून से गंगूबाई की शूटिंग फ़िर से शुरू करेंगे ।
एक अखबार की मानें तो, मार्च में लॉकडाउन लगने से पहले आलिया गंगूबाई काठियावाड़ी के लिए एक गाना शूट कर रही थी और अब उसी गाने से फ़िर से शूटिंग शुरू होगी । इस गाने में आलिया के साथ 15 बैकग्राउंड डांसर्स होंगे जिनके साथ आलिया को आगे आने वाले दिनों में रिहर्सल भी करना है । इस गाने की शूटिंग गोरेगांव फ़िल्मसिटी में कोरोना गाइडलाइन्स का पालन करते हुए होगी । इसके अलावा भंसाली ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सिर्फ़ वैक्सिनेटेड कलाकार ही सेट पर आ सकते हैं । इस गाने के बाद फ़िल्म की शूटिंग खत्म हो जाएगी ।
















