Alia Bhatt to star in Meghna Gulzar's next

मेघना गुलजार की पिछली फ़िल्म तलवार समीक्षकों की सराहना और ढेर सारे पुरस्कार पाने में कामयाब रही । और इसके बाद अब मेघना ने अपनी अगली फ़िल्म को बनाने का फ़ैसला किया है । मेघना की यह फ़िल्म महिला उन्मुखी विषय पर आधारित होगी जो कि 70 के दशक की पृष्ठभूमि में सेट होगी । अब हमें पता चला है कि मेघना की महत्वाकांक्षी फ़िल्म में आलिया भट्ट मुख्य भूमिका निभाएंगी ।

इस फ़िल्म में आलिया भट्ट एक जासूस का किरदार अदा करेंगी जो एक पत्नी और बेटी की जिम्मेदारियों को एक साथ संभालने के बीच राष्ट्र के प्रति भी कर्तव्य निभाती है । हरिंदर सिक्का के उपन्यास 'कॉलिंग सहमत' पर आधारित ये फिल्म कश्मीरी लड़की की जिंदगी पर आधारित है । मेघना का ये थ्रिलर भारत-पाक युद्ध 1971 के पृष्ठभूमि में एक कश्मीरी लड़की की कहानी है । उसकी शादी पाकिस्तान के एक आर्मी ऑफिसर से हो जाती है जो न सिर्फ कई खुफिया जानकारी हासिल करने के साथ पाकिस्तान की युद्ध रणनीति को पस्त कर देती है बल्कि अपने साहस से सैकड़ों भारतीय जवानों की जान भी बचाती है ।

इस फ़िल्म की कहानी एक ऐसी लड़की के इर्द गिर्द घूमती है जो एक जासूस होने के साथ एक बेटी, पत्नी और देशभक्त भी है और समय आने पर वो अपने परिवार और देश के बीच कौन-सा फैसला लेती है, किसे चुनती है, जिसका असर उसकी जिंदगी पर कैसे पड़ता है । यह सब फ़िल्म में दिखाया गया है ।

गौरतलब है कि फिल्म 1971 की पृष्ठभूमि पर आधारित जरूर है, लेकिन इसमें बॉर्डर फिल्म की तरह एक्शन सीन नहीं है क्योंकि इसके वास्तविक संघर्ष की बजाय इरादतन लड़ाई को दिखाया गया है । फिल्म भारत, पाकिस्तान और युद्ध की स्थिति को दिखाती है । ये फिल्म पाकिस्तान विरोधी,

युद्ध के बाद की स्थिति आदि पर आधारित नहीं बल्कि इसमें एक साधारण-सी लड़की की असाधारण कहानी को दिखाया गया है ।

वहीं दूसरी तरफ़, अभी तक ये साफ़ नहीं हो पाया है कि इस फ़िल्म में आलिया भट्ट के अपोजिट कौनसा अभिनेता कास्ट किया जाएगा । मेघना के पिता गुलजार इस फ़िल्म के गीत लिख रहे हैं । एक बार जब मेघना फ़िल्म की स्क्रिप्ट पूरी कर लेंगी उसके बाद जंगली पिक्चर्स द्दारा फ़िल्म को प्रोड्यूस किया जाएगा ।

गौरतलब है कि आलिया भट्ट वरुण धवन के साथ आगामी फ़िल्म बद्रीनाथ की दुल्हनिया में नजर आएंगी । और इसके बाद वह रण्बीर कपूर के साथ सुपरहीरो ड्रामा फ़िल्म ड्रेगन में नजर आएंगी ।