यशराज प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही ऐतिहासिक फ़िल्म पृथ्वीराज की शूटिंग शुरू हो चुकी है । इस फ़िल्म में अक्षय कुमार पृथ्वीराज के किरदार में नजर आएंगे जबकि मानुषी छिल्लर संयोगिता के रूप में नजर आएंगी । बता दें कि, इस फ़िल्म से मानुषी छिल्लर अपना बॉलीवुड डेब्यू कर रही है । और पिछले दिनों कयास लगाए गए कि, अक्षय कुमार ने यशराज फ़िल्म्स के साथ अगली तीन फ़िल्मों के लिए एक डील साइन किया है । तो हमने बॉलीवुड हंगामा पर इस खबर की सच्चाई को जानने का फ़ैसला किया और पता लगाया कि आखिर इस खबर में कितनी सच्चाई है ।

अक्षय कुमार की यशराज फ़िल्म्स के साथ 3 फ़िल्मों के लिए डील की सच्चाई आई सामने

अक्षय कुमार और यशराज फ़िल्म्स ने कोई डील साइन नहीं की

जो लोग अक्षय को यशराज की और फ़िल्मों के साथ देखना चाहते हैं तो अफ़सोस की बात है कि उनके लिए इस बारें में कोई गुड न्यूज नहीं है । प्रोडक्शन हाउस के करीबी सूत्रों के अनुसार उक्त अफवाह पूरी तरह निराधार है । इस बारें में जानकारी देते हुए हमारे सूत्र ने हमें बताया कि, ''ऐसी कोई डील नहीं है । यशराज फ़िल्म्स और अक्षय फ़िलहाल सिर्फ़ एक प्रोजेक्ट साथ में कर रहे हैं और वो है, फ़िल्म पृथ्वीराज । दोनों के बीच कोई तीन फ़िल्मों की डील साइन नहीं हुई है ।

हालांकि सूत्र ने इस बारें में एक उम्मीद जरूर जताई । ''हालांकि अक्षय और यशराज के बीच तीन फ़िल्मों को लेकर तो कोई डील नहीं हुई है लेकिन दोनों एक दूसरे के साथ काफ़ी अच्छी बॉंडिंग शेयर करते हैं इसलिए फ़्यूचर में ये दोनों ऐसा कर सकते है ।''

यह भी पढ़ें : CONFIRMED: अक्षय कुमार की ऐतिहासिक ड्रामा पृथ्वीराज में 'संयोगिता' बनकर अपना बॉलीवुड डेब्यू करेंगी मानुषी छिल्लर

पृथ्वीराज की बात करें तो, यह एक ऐतिहासिक फ़िल्म है जिसमें हिंदू सम्राट पृथ्वीराज सिंह चौहान की जीवन गाथा को दर्शाया जाएगा । इतिहास में पृथ्वीराज और संयोगिता की प्रेम कहानी अमर है । डॉक्टर चंद्रप्रकाश द्विवेदी के निर्देशन में बन रही फ़िल्म पृथ्वीराज में संयोगिता के किरदार में मानुषी छिल्लर और पृथ्वीराज के किरदार में अक्षय नजर आएंगे । यह फ़िल्म अगले साल 2020 में दिवाली के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।