यशराज प्रोडक्शन के बैनर तले बनी रानी मुखर्जी की फिल्म मर्दानी 2 का ट्रेलर लोगों के दिलों को छू गया है । इस फ़िल्म में एक बार फ़िर रानी मुखर्जी सख्त पुलिस अफ़सर के किरदार में नजर आएंगी । बता दें कि मर्दानी 2, साल 2014 में रिलीज हुई फ़िल्म मर्दानी का सीक्वल है । ट्रेलर में रानी मुखर्जी महिलाओं के साथ वीभत्स तरीके से बलात्कार करने वाले दरिंदे को तलाशती नजर आ रही हैं । ट्रेलर में राजस्थान के कोटा शहर की कहानी को दिखाया गया है जहां पूरे देश से बच्चे पीएमटी और आईआईटी की कोचिंग करने के लिए जाते हैं । लेकिन एक लड़की के साथ बड़ा हादसा हो जाता है ।

रानी मुखर्जी की मर्दनी 2 यमुना एक्सप्रेस वे वारदात पर बेस्ड हो सकती है
क्योंकि मर्दानी 2 बलात्कार मामले के इर्द-गिर्द घूमती है इसलिए कहा जा रहा है कि, यह फ़िल्म दिल्ली के निर्भया कांड पर आधारित है । लेकिन हमें मिली जानकारी के अनुसार यह मर्दानी 2 यमुना एक्सप्रेस वे पर महिलाओं के खिलाफ सिलसिलेवार तरीके से हुए अपराधों से प्रेरित है । फ़िल्म में रानी, एक बार फ़िर सख्त और निडर एसपी शिवानी शिवाजी रॉय की भूमिका निभा रही है ।
फ़िल्म से जुड़े सूत्र ने खुलासा किया है कि, ''दो साल पहले यमुना एक्सप्रेसवे पर चार महिलाओं के साथ बलात्कार की वारदात ने पूरी देश को हिला दिया था । अपराधी ने इसके लिए खास तौर से वाहन का इस्तेमाल किया । और मर्दानी 2 के ट्रेलर भी इसी तरह की कहानी के इर्द-गिर्द घूमता हुआ नजर आया है । ट्रेलर में भी फिल्म का विलेन भोली-भाली महिलाओं को उठाने के लिए कार का इस्तेमाल करता दिखाई देता है ।''
इस बारे में बात करते हुए मर्दानी 2 के लेखक-निर्देशक गोपी पुत्रन कहते हैं, "मर्दानी 2 जैसी फिल्मों के आइडिया असल जिंदगी से ही मिलते हैं । मेरी फिल्म देश भर में घटित हुई इस तरह की अनेक घटनाओं से प्रेरित है । मर्दानी 2 किशोरवय के लड़कों के अपराधों पर केंद्रित है । यह तथ्य कि कम उम्र के लड़के इस तरह की हिंसा में लिप्त हैं, इन अपराधों को ज्यादा घातक और खतरनाक बना देता है, क्योंकि जब वे आपके और आपके परिवार के साथ चल रहे होते हैं, बात कर रहे होते हैं या बैठे होते हैं, तब आप उन्हें पहचान नहीं सकते ।”
यह भी देखें : मर्दानी 2 : ऑफ़िशियल ट्रेलर | रानी मुखर्जी
आदित्य चोपड़ा के प्रोडक्शन और गोपी पुत्रन के निर्देशन में बनी मर्दानी 2, 13 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















