अक्षय कुमार की आगामी हॉरर कॉमेडी फ़िल्म लक्ष्मी बम इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है । राघव लॉरेंस के निर्देशन में बनी लक्ष्मी बम में अक्षय कुमार के अपोजिट कियारा आडवाणी नज़र आयेंगी । शुरूआत में लक्ष्मी बम को 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होना था । लेकिन कोरोनावायरस महामारी के कारण ये थिएटर में रिलीज नहीं हो पाई । इसके बाद मेकर्स ने अपनी फ़िल्म को रिलीज करने के लिए ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म की ओर रुख किया । आज शाम डिज्नी + हॉटस्टार के लाइव इवेंट में ऑफ़िशियल ऐलान किया गया कि अक्षय कुमार की लक्ष्मी बम अब डायरेक्ट डिज्नी + हॉटस्टार पर रिलीज होगी । इसी के साथ फ़िल्म के दो नए पोस्टर्स भी रिलीज किए गए ।

अक्षय कुमार लक्ष्मी बम में ट्रांसजेंडर बने हैं
अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए अक्षय ने कहा, “लक्ष्मी बम मानसिक रूप से गहन भूमिका थी । इस किरदार में नयापन था जैसे पहले कभी अनुभव ही नहीं किया हो । मैंने सही शॉट देने के लिए कई रीटेक भी लिए । राघव ने मुझे फिल्म के साथ कुछ नए अनुभव का मौका दिया ।”
ट्रांसजेंडर किरदार निभाने के बारे में बोलते हुए अक्षय ने कहा, “मैं अपने डायरेक्टर लॉरेंस सर का शुक्रिया अदा करना चाहूँगा । उन्होंने मेरे अंदर के एक छुपे अस्तित्व की पहचान कराई, जिसकी मुझे ख़बर ही नहीं थी । यह किरदार उन सभी किरदारों से अलग है, जिन्हें मैंने कभी चित्रित किया है । यहां तक कि 150 फिल्में करने के बाद भी, मैं वास्तव में हर एक दिन सेट पर होने के लिए, तथा अपनी सीमाओं को आगे बढ़ाने, अपने बारे में अधिक सीखने के लिए उत्साहित था ।”
उन्होंने आगे कहा, “इस फिल्म ने मुझे लैंगिक समानता को लेकर अपने विचारों को और शक्तिशाली बनाना सिखाया है । जो भी आप जीवन में चाहते हो बनो, लेकिन अज्ञानी मत बनो । आख़िर विनम्रता , दयालुता ही शांति की कुंजी है ।”
















