पिछले दिनों रिलीज हुई कॉमेडी शैली की फ़िल्म टोटल धमाल एक के बाद एक बॉक्सऑफ़िस पर सफ़लता के झंडे गाड़ रही है । वहीं फ़ैंस को अपने चहेते स्टार अजय देवगन का कॉमिंग अंदाज भी खूब भा रहा है । अजय का ये कॉमिक अंदाज यहीं नहीं थमने वाला है इसके बाद वह आगामी कॉमेडी फ़िल्म दे दे प्यार दे, में भी दर्शकों को हंसाते हुए नजर आएंगे । इसी के साथ वह पर्दे पर ऐतिहासिक फ़िल्म में एक मराठा यौद्धा की भूमिका में भी नजर आएंगे । बायोपिक के इस दौर में अजय भी फ़ुटबॉल कोच सैय्यद अब्दुल रहीम की बायोपिक फ़िल्म में सैय्यद अब्दुल रहीम का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे ।

सैय्यद अब्दुल रहीम की बायोपिक फ़िल्म में अजय देवगन के अपोजिट कीर्ति सुरेश को चुना
आयुष्मान खुराना के साथ बधाई हो जैसी सुपरहिट फिल्म डायरेक्ट करने वाले अमित शर्मा, जाने माने फुटबाल खिलाड़ी और राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के कोच रह चुके सैय्यद अब्दुल रहीम पर बायोपिक बना रहे हैं जिसमें अजय लीड रोल निभा रहे हैं । और अब इस फ़िल्म में उनकी पत्नी के लिए भी अदाकारा मिल गई है ।
बोनी कपूर के प्रोडक्शन में बन रही है ये फ़िल्म
बोनी कपूर के प्रोडक्शन में बन रही इस फ़िल्म में अजय की पत्नी का किरदार निभाएंगी तमिल और तेलुगु फिल्मों में बड़ा नाम बना चुकीं कीर्ति सुरेश । बॉक्सऑफ़िस पर रिकॉर्ड बनाने वाली पिछले साल आई फ़िल्म महानती से कीर्ति काफ़ी चर्चा में आई । इस फ़िल्म के साथ कीर्ति बॉलीवुड में अपना डेब्यू करेंगी । इस फ़िल्म में कीर्ति अजय की पत्नी का रोल अदा करेंगी । फिल्म में शादी के बाद के रोमांटिक पार्ट को कीर्ति अदा करेंगी । फ़िल्म की शूटिंग जून से शुरू होगी ।
बता दें कि इस फ़िल्म के ज्यादातर हिस्सों की शूटिंग दिल्ली, मुंबई, लखनऊ और कोलकाता के अलावा रोम, मेलबर्न और जकार्ता में होगी । सैय्यद अब्दुल रहीम की बात करें तो वह साल 1950 से 1960 के बीच भारतीय फुटबाल का बड़ा नाम रहे और वो भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के पहले कोच और मैनेजर थे । रहीम को भारतीय फुटबॉल को नई ऊंचाइयां प्राप्त करवाने वाला कोच माना जाता है ।
यह भी पढ़ें : BREAKING: अब होगी सबकी छुट्टी क्योंकि अजय देवगन बनने जा रहे हैं 'चाणक्य'
अजय के अन्य प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वह इन दिनों अपनी आगामी ऐतिहासिक फ़िल्म तानाजी : द अनसंग वॉरियर के शूट में व्यस्त है । जब इस फ़िल्म का पहला लुक शेयर किया गया तो इसने फ़िल्म के लिए प्रत्याशा को और ज्यादा बढ़ा दिया था । दिलचस्प बात ये है कि इस फ़िल्म के साथ अजय की रियल लाइफ़ पत्नी काजोल और सैफ़ अली खान, जो फ़िल्म में अहम रोल निभा रहे हैं, भी जुड़े हुए है ।
















