
ताल और हमारा दिल आपके पास है, ये वो दो फ़िल्में हैं जिसमें अनिल कपूर और ऐश्वर्या राय बच्चन की जोड़ी का शानदार अभिनय देखने को मिला । अब ये जोड़ी एक बार फ़िर बड़े पर्दे पर अपना जादू बिखेरती हुई नजर आएगी । अनिल और ऐश्वर्या जल्द ही फ़िल्ममेकर राकेश ओमप्रकाश मेहरा की आगामी फ़िल्म फ़ेनी खान में एक दूसरे के साथ नजर आएंगे ।
बीते साल, राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने सोनम कपूर (दिल्ली 6) और हर्षवर्धन कपूर (मिर्जिया), के साथ काम करने के बाद उनके पिता अनिल कपूर के साथ एक फ़िल्म का ऐलान किया । निर्माता-निर्देशक, राकेश ओमप्रकाश मेहरा अनिल कपूर के साथ एक फ़िल्म को प्रोड्यूस करेंगे । उस फ़िल्म का फ़र्स्ट लुक सोशल मीडिया पर रिलीज किया गया था जिसमें अनिल कपूर चमकीले अवतार में नजर आ रहे हैं । लेकिन उसके बाद फ़िल्म के बारें में कुछ भी चर्चा नहीं की गई ।
और अब कथित तौर पर इस फ़िल्म से जुड़ी खबर आ रही है जिसमें कहा जा रहा है कि ऐश्वर्या राय बच्चन को इस फ़िल्म के लिए साइन किया गया है । लेकिन फ़िल्म में उनका किरदार किस तरह का होगा इस बारें में ज्यादा खुलासा नहीं किया गया । लेकिन इसी के साथ यह सुनने में आ रहा है कि फ़िल्म में ऐश्वर्या के साथ अनिल कपूर की जोड़ी नहीं बनाई जाएगी । फ़िल्म की दूसरी प्रोड्यूसर, प्रेरणा अरोड़ा ने इस खबर की पुष्टि की कि ऐश्वर्या को फ़िल्म के लिए चुना गया है जबकि पूर्व विश्व सुंदरी ने इस खबर पर चुप्पी बनाए रखी ।
हालांकि, इससे पहले ऐश्वर्या ने कांस फ़िल्म फ़ेस्टिवल में अपनी नई फ़िल्म के बारें में कुछ हिंट तो दिया था । कोई ज्यादा जानकारी न देते हुए ऐश्वर्या ने यह बताया था कि 5 महीने के ब्रेक के बाद अब वे फ़िर से काम शुरू करने के लिए तैयार हैं और उन्होंने दो स्क्रिप्ट को चुन भी लिया है । और उनमें से एक हैं फ़ेनी खान ।
वहीं दूसरी तरफ़, अफ़वाहों का बाजार गर्म है कि फ़ेनी खान एक इंग्लिश-डच फ़िल्म एवरीबडी फेमस, जिसे डोमिनिक डरुडे द्वारा निर्देशित किया गया था, का रीमेक है । लेकिन इस बारें में कोई ज्यादा
जानकारी नहीं है । इस फ़िल्म के साथ विज्ञापन निर्माता अतुल मांजरेकर निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखेंगे ।
















