
संगीतकार अदनान सामी और उनकी पत्नी रोया सामी आज सुबह एक प्यारी सी बेटी के माता-पिता बने हैं । उन्होंने अपनी बेटी का नाम मदीना रखा है । खुशी से फ़ूले नहीं समा रहे अदनान सामी ने ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी और लिखा, "रोया और मैं, हम दोनों को हमेशा एक बेटी की चाहत थी और वो पहले ही मेरी लकी चार्म है। उसके ज़रिए अपने संगीत के लिए मुझे नई प्रेरणा मिलेगी। मेरी क़ायनात का वो केंद्र रहेगी ।" उन्होंने आगे लिखा, “दोनों मां-बेटी स्वस्थ हैं ।”
अदनान सामी को हाल ही में ब्रिटिश पार्लियामेंट की ओर से म्यूजिक की दुनिया में अचीवमेंट पाने के लिए एशियन अवॉर्ड मिला है । और इसके लिए वह अपनी बेटी को लकी चार्म मानते हैं । अदनान सामी ने आज सुबह ट्विटर पर जानकारी दी थी कि उनके घर नन्ही परी आई है । अदनान ने लिखा, “रोया और मुझे परी जैसी बेबी गर्ल मिली है । हमने उसका नाम मदीना सामी ख़ान रखा है । बेटी के लिए दुआएं । बहुत ख़ुश हूं । डैडीज़ लिटिल गर्ल ।”
















