फ़िल्ममेकर अनुराग कश्यप पर यौन उत्पीडन के आरोप लगाने वाली अभिनेत्री पायल घोष ने अब अपने करियर की नई पारी शुरू कर ली है । पायल घोष आज रामदास अठावले की राजनीतिक पार्टी रिपलब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया-ए (RPI) में शामिल हो गईं । पायल घोष ने पार्टी प्रमुख व केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली । इस मौके पर जहां पायल ने कहा कि वह देश के लिए कुछ करना चाहती हैं, इसलिए उन्होंने RPI ज्वाइन की है । वहीं पार्टी प्रमुख व केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने अपनी पार्टी में पायल के आने पर खुशी जताते हुए कहा कि, पार्टी में शामिल होने के लिए वो उनका धन्यवाद करते हैं और उनका स्वागत करते हैं ।

पायल घोष ने रामदास अठावले की पार्टी ज्वाइन की
एक खास कार्यक्रम में पायल ने आरपीआई का झंडा थामा । रामदास अठावले ने पायल को अपने महिला इकाई का उपाध्यक्ष बनाया है । इसी के साथ अठावले ने कहा कि जिसने अनुराग कश्यप को किया घायल वो है पायल । वहीं अनुराग कश्यप के खिलाफ उनकी लड़ाई में सहयोग देने के लिए पायल ने अठावले का धन्यवाद भी दिया ।
बता दें कि पायल ने फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप पर रेप जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच मुंबई पुलिस कर रही है । हालांकि अनुराग कश्यप ने पायल के आरोपों से साफ़ इनकार किया है । अपनी शिकायत में एक्ट्रेस ने आरोप लगाया था कि कश्यप ने 2013 में वर्सोवा में यारी रोड की एक जगह पर उनका रेप किया था । वर्सोवा पुलिस ने कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज किया था और पूछताछ के लिए भी बुलाया था ।
गौरतलब है कि पिछले दिनों ही केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पायल घोष से मुलाकात की थी । उन्होंने पायल को भरोसा दिया था कि उनकी पार्टी न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है । इतना ही नहीं इससे पहले पायल, रामदास अठावले के साथ ही महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलने भी गई थीं । उस समय भी केंद्रीय मंत्री ने पायल को न्याय दिलवाने का भरोसा दिया था ।
















