
31 दिसंबर की रात 1500 पुलिसवालों की मौजूदगी बेंगलुरू में महिलाओं से हुई छेड़छाड़ की घटना ने अब एक भयानक मोड़ ले लिया है । इस शर्मनाक घटना के बाद पूरा देश सन्न है और इतनी सुरक्षा के बावजूद भी ये सब हो गया, इससे सभी हैरान हैं । बेंगलुरू में महिलाओं से हुई छेड़छाड़ की घटना पर बयानबाजी का दौर खत्म होता हुआ नजर नहीं आ रहा है । पहले कर्नाटक के गृहमंत्री ने इसे हल्की घटना माना, फिर सपा नेता अबु आजमी ने इसके लिए महिलाओं के पहनावे को ही दोषी ठहरा दिया । अब इसे लेकर अबु आजमी के बेटे और अभिनेत्री ईशा गुप्ता भिड़ पड़े हैं ।
अबू आजमी की असंवेदनशील बयान से सभी लोग बेहद नाराज हैं विशेष रूप से बॉलीवुड हस्तियां, जो उनके बयान पर जमक्र बरस रहे हैं । वरुण धवन, फ़रहान अख्तर से लेकर अक्षय कुमार तक सभी ने इस शर्मनाक घटना की घोर निंदा की और पीड़िता के समर्थन में अपनी आवाज उठाई । अबू आजमी के इस बेतुके बयान पर बॉलिवुड ऐक्ट्रेस ईशा गुप्ता काफी भड़क गईं और उन्होंने अपनी भड़ास ट्विटर पर निकाली । ईशा ने अबू आजमी के बयान का जवाब देते हुए कहा, 'उस महिला को यहां सचमुच दोषी ठहराया जाना चाहिए, जिसने अनजाने में तुम जैसे मूर्ख को पैदा किया अबू आजमी ।...और शायद वह खुद को भी तुम्हें जन्म देने के लिए दोषी मानतीं ।'
और ईशा के इस ट्विट के बाद ट्विटर पर आयशा टाकिया के पति फ़रहान आजमी और ईशा गुप्ता की जुबानी जंग शुरू हो गई । समाजवादी पार्टी के नेता अबु आजमी के बेटे और फ़रहान आजमी ने ईशा गुप्ता की ट्विटर के जरिए बहुत ही भद्दे तरीके से निंदा की और अपने पिता के बयान को सही साबित करने में लग गए । ईशा गुप्ता के ट्विट के जवाब में फरहान आज़मी ने लिखा, 'ईशा, जिस महिला ने अबू आजमी को जन्म दिया वह मेरी दादी हैं, जो खुद का पक्ष रखने के लिए हमारे बीच अब नहीं हैं। वह आपसे कहीं ज्यादा सम्मानित महिला थीं ।'
फरहान ने ईशा की एक तस्वीर को रीट्वीट करते हुए लिखा, 'आप ज़रा आईने में खुद को देखो और बताओ कि अपनी फिल्मों के जरिए हमारे समाज के सामने आपने कैसा नंगापन पेश किया है ।'
इतना ही नहीं, इसके बाद लगातार फरहान ने ईशा के खिलाफ कई ट्वीट किए । उन्होंने कहा, 'तन बेचकर दो रोटी जो कमाए उसे हम वेश्या नाम देकर ज़लील करते हैं, दूसरी ओर तन की नुमाइश कर करोड़ों कमाने वालों को सम्मानित @eshagupta2811 क्यूं? क्या देश है मेरा....!!'
फरहान ने लिखा, 'महिलाओं को आर्ट की आड़ में कभी तंदूरी मुर्गी तो कभी झंडू बाम कहा जाता, उसी गीत पर सोसायटी के शुभचिंतक विदेशी शराब की चुस्कियां लेते हैं...तब?'
फ़रहान आजमी के इतने सारे ट्विट के बाद ईशा ने कोई जवाब नहीं दिया ।
















