जैसा की हम सभी जानते हैं कि कॉरपोरेट जगत से बाहर निकलने के बाद, रोनी स्क्रूवाला अब अपने खुद के प्रोडक्शन के तहत अपनी पहली फिल्म बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं । इस फ़िल्म का नाम है लव पर स्क्वायर फ़ुट । इस फ़िल्म को नवोदित निर्देशक आनंद तिवारी द्दारा बनाया जाएगा । इस फ़िल्म में विक्की कौशल और अंगिरा धार बतौर अभिनेता नजर आएंगे ।

इस बारें में अब लेटेस्ट अपडेट ये है कि रोनी स्क्रूवाला ने अपने प्रोडक्शन की अगली फ़िल्म में अभिषेक बच्चन और इरफ़ान खान को साइन किया है । यह एक हल्की-फ़ुल्की रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म होगी । रोनी स्क्रूवाला की इस फ़िल्म को भी एक नवोदित निर्देशक आकर्ष खुराना निर्देशित करेंगे । आकर्ष खुराना ने हुसैन दलाल के साथ पटकथा लिखी है ।

खबरों के मुताबिक, अभिषेक और इरफ़ान खान के अभिनय से सजी इस फ़िल्म का नाम अभी तक फ़ाइनल नहीं हुआ है लेकिन सुनने में आया है कि इस फ़िल्म में दोनों दोस्त का किरदार निभाएंगे, जो अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण एक रोड ट्रिप पर साथ जाने के लिए मजबूर होंगे । फ़िल्म की हिरोइन के लिए अभी तक विचार किया जा रहा है । खबर है कि फ़िल्म के मेकर्स इस फ़िल्म में हिरोइन के लिए एक नए चेहरे की तलाश में हैं । इस फ़िल्म की शुरूआत अगले साल की शुरूआत में होगी ।