
बॉलीवुड के मिस्टर परफ़ेक्शनिस्ट कहे जाने वाले अभिनेता आमिर खान, जो अपना हर काम बहुत ही बारिकी और पूरे परफ़ेक्शन के साथ करने के लिए जाने जाते हैं, जल्द ही यशराज बैनर की आगामी फ़िल्म ठग ऑफ हिंदोस्तान में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगे । अपनी हर फ़िल्म में अपने लुक के साथ एक्सपेरिमेंट करने वाले आमिर खान का फ़िल्म ठग ऑफ हिंदोस्तान में कैसा लुक होगा, इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है ।
आपको बता दें कि इन दिनों आमिर खान का सर पे पगड़ी बांधे लुक काफ़ी वायरल हो रहा है इसलिए यह कयास लगाए जा रहे हैं कि उनका ये लुक उनकी इस फ़िल्म के लुक में से एक होगा । लेकिन इन सभी कयासों पर विराम लगाते हुए आमिर खान के प्रवक्ता ने ये साफ़ किया है कि आमिर का सरदार वाला लुक उनकी आगामी फ़िल्म ठग ऑफ हिंदोस्तान के लिए नहीं है ।
बहरहाल, भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक फिल्म रही दंगल की कामयाबी के बाद अब अभिनेता आमिर खान अपने नए रूप में दर्शको के सामने आने के लिए पूरी तरह से तैयारी करते हुए नजर आ रहे हैं ।
हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, ठग एक एक्शन एडवेंचर फ़िल्म होगी । यह फ़िल्म सबसे अधिक बिकने वाले उपन्यास 'कन्फेशन ऑफ़ ठग' पर आधारित होगी । यह फ़िल्म स्वतंत्रता से पहले बड़े पैमाने पर ठग संस्कृति के खिलाफ एक पीरियड ड्रामा फ़िल्म है । इसके अलावा इस फ़िल्म में एक पिता-बेटे की बीच की बॉंडिंग भी देखने को मिलेगी । यह फ़िल्म 7 नवंबर 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















