आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म दंगल की नन्हीं सी पहलवान बनी जायरा वसीम ने हाल ही में अपनी एक पोस्ट से सभी को हैरान कर दिया है । अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जायरा वसीम ने हाल ही में एक डरावनी बीमारी : डिप्रेशन के बारें में खुलासा किया है । जायरा वसीम ने कहा कि, वह डिप्रेशन की वजह से कई बार हॉस्पिटल में एडमिट हो चुकी हैं । उन्हें हर दिन अपने डिप्रेशन के लिए 4-5 गोलियां खानी पड़ती है ।
अपने डिप्रेशन के बारें में जायरा वसीम ने खुलकर लिखा पोस्ट
जायरा ने अपने डिप्रेशन के बारें में बताते हुए लिखा, ''आखिरकार... मैं यह बता रही हूं कि मैं लंबे समय से डिप्रेशन और एनजाइटी का शिकार हूं । मुझे कई लोगों ने कहा कि तुम इतनी छोटी हो, तुम्हें डिप्रेशन नहीं हो सकता है । यह सिर्फ एक दौर है, जो गुजर जाएगा । इस दर्दनाक दौर ने मुझे बुरी हालत में पहुंचा दिया है । मैं हर दिन 5 दवाइयां खा रही हूं । मुझे एनजाइटी के अटैक आते हैं । अचानक आधी रात में हॉस्पिटल जाना पड़ता है ।'
जायरा ने आगे लिखा, 'मैं अकेला, खाली और डरा हुआ महसूस करती हूं । बहुत ज्यादा सोने या कई हफ्तों तक नहीं सोने के कारण मेरे शरीर में दर्द होता है । बहुत ज्यादा खाने या कई दिनों तक भूखे रहने तक... सुसाइड के बारे में सोचने तक... जैसी हर चीज इस 'दौर' का हिस्सा रही है । मैं महसूस कर सकती थी कि यह ड्रिपेशन है । मुझे याद है कि 12 साल की उम्र में मुझे पहला पैनिक अटैक आया था और दूसरा जब मैं 14 साल की थी । अब मुझे याद भी नहीं है कि ऐसा कितनी बार हुआ, लेकिन हमेशा यही कहा गया कि इतनी सी उम्र में तुम्हें डिप्रेशन नहीं हो सकता है ।
डिप्रेशन कोई बीमारी नहीं
जायरा ने आगे लिखा, उन्हें यह एहसास करा दिया गया था कि छोटी सी उम्र में डिप्रेशन नहीं हो सकता है। यह सिर्फ 25 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को होता है । जायरा ने बताया कि अब उन्हें पता है कि डिप्रेशन और एनजाइटी कोई भावना या अहसास नहीं, बल्कि एक बीमारी है । इसे कोई चुनता नहीं है । यह किसी को भी, किसी भी वक्त हो सकता है । उन्होंने लिखा, 'आज मैं पूरी दुनिया को अपनी बीमारी बताने के लिए तैयार हूं। बिना शर्मसार हुए, डरे और लोगों की बिना कोई राय बनाए हुए ।'
एक्ट्रेस ने लिखा, 'मैं कुछ समय के लिए हर चीज से दूरी बनाना चाहती हूं। सोशल लाइफ से, काम से, स्कूल से और सबसे ज्यादा सोशल मीडिया से...। मैं रमजान के पवित्र महीने का इंतजार कर रही हूं, क्योंकि यह चीजों को समझने का सबसे सही समय है । प्लीज मुझे अपनी दुआओं में याद रखें। उन सभी लोगों का आभार है, जिन्होंने हर बुरे और अच्छे वक्त में मेरा साथ दिया ।'
यह भी पढ़ें : ज़ायरा वसीम से बेखौफ राखी सावंत के कुछ सवाल…जो आपको भी सोचने पर मजबूर कर देंगे
गौरतलब है कि, जायरा से पहले दीपिका पादुकोण ने भी अपने डिप्रेशन की बात को खुलेआम स्वीकार किया था ।
















