Aamir-Khan

करण जौहर के चर्चित टॉक शो 'कॉफ़ी विद करण' में पिछले साल कई सारे सरप्राइजेज देखने को मिले थे और उन्हीं में से एक सरप्राइज था, इस शो में आमिर खान का आना । इस शो के दौरान न केवल करण और आमिर खान के बीच भाईचारा देखा गया बल्कि, आमिर खान की अपनी पत्नी किरण राव के साथ जो कमाल की बॉंडिंग है वो भी देखने को मिली । यह शो अपने पांचवें सीजन में भी ऐसी जोड़ियों को लेकर आ रहा है जो इससे पहले कभी भी साथ नहीं देखी गईं । इस बार हमने सुना है कि करण के इस शो में आमिर खान किसी जोड़ीदार के साथ नहीं बल्कि अकेले ही जाएंगे ।

हमने सुना है कि, आमिर खान करण जौहर के टॉक शो कॉफ़ी विद करण में 101वें एपिसोड में शिरकत करेंगे । आपको बता दें की करण के इस शो के 100वें एपिसोड में खान ब्रदर्स यानी सलमान खान, अरबाज खान और सोहेल खान शिरकर करने वाले हैं और उसके ठीक बाद आमिर खान इस शो की शोभा बढ़ाएंगे । यह भी कहा जा रहा है कि आमिर इस शो में अपनी पत्नी किरण के बिना दिखेंगे । हालांकि शो में आमिर खान की ऑनस्क्रीन बेटियां सान्या और फ़ातिमा, जो आगामी फ़िल्म दंगल में आमिर की बेटियों का किरदार अदा कर रही हैं, भी थोड़ी देर के लिए शिरकत करेंगी।

यह भी सुनाई दिया कि आमिर खान, जो आमतौर पर चैट शो से दूर रहते हैं, ने करण से उन्हें आमंत्रित करने के लिए कहा था । पिछली बार आमिर खान ने कहा था कि वह करण के शो में आना चाहते थे लेकिन करण ने उन्हें आमंत्रित नहीं किया और मजाक में यह भी कह दिया कि यदि करण उन्हें शो में बुलाते हैं तो वे जरूर जाएंगे । जाहिरतौर पर करण अपने शो में आमिर खान को बुलाकर ज्यादा खुश होंगे ।

गौरतलब है कि करण के इस शो में शाहरुख खान-आलिया भट्ट, अक्षय कुमार-ट्विकंल खन्ना, रणबीर सिंह-रणवीर सिंह, अर्जुन कपूर-वरुण धवन, परिणिती चोपड़ा-आदित्य रॉय कपूर जैसी कई जोड़ियां शामिल हो चुकी हैं ।