कोरोना वायरस जैसी महामारी से पूरा देश एकजुट होकर लड़ रहा है । कोरोना संक्रमण को फ़ैलने से बचाने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन का आम आदमी से लेकर बॉलीवुड सितारें भी पालन कर रहे हैं । इसी के साथ बॉलीवुड सितारें सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को कोरोना के प्रति जागरुक करने का भी काम कर रहे हैं । और अब अजय देवगन, ॠतिक रोशन और वरुण धवन के बाद आमिर खान और शाहिद कपूर ने कोरोना वॉरियर्स से ज्यादा से ज्यादा ब्लड डोनेट करने की अपील की है ताकि कोरोना से जंग लड़ रहे लोगों की जान बचाई जा सके । आमिर खान और शाहिद कपूर ने सोशल मीडिया के माध्यम से कोरोना को मात दे चुके लोगों से अपील की है कि वो अपना प्लाज्मा डोनेट करें ताकि गंभीर कोरोना पीड़ित लोगों की जान बचाई जा सके ।

आमिर खान और शाहिद कपूर ने कोरोना को मात देने वाले लोगों से की ‘ब्लड प्लाज्मा’ डोनेट करने की अपील

आमिर खान और शाहिद कपूर ने कोरोना वॉरियर्स से की अपील

शाहिद और आमिर ने कोरोना सर्वाइवर्स से ब्लड डोनेट करने की अपील करते हुए बीएमसी का जो पोस्टर शेयर किया है, उसमें लिखा है, "कोविड-19 के जो मरीज़ ठीक हो चुके हैं, उनमें एंटीबॉडीज़ हैं, जो वायरस से बचाती है । वे लोग अपना खून दान कर सकते हैं और उनका प्लाज्मा कोविड-19 के गंभीर मरीज़ों के इलाज में इस्तेमाल हो सकता है । मरीज़ पूरी तरह से ठीक होने के चार हफ्ते बाद प्लाज़मा डोनेट कर सकते हैं, लेकिन अगर उनका स्वैब टेस्ट नेगेटिव आया था, तो वे जल्दी भी डोनेट कर सकते हैं ।"

इससे पहले अजय देवगन, ॠतिक रोशन और वरुण धवने ने भी कोरोना को मात दे चुके लोगों से ब्लड डोनेट करने की अपील करते हुए कहा था कि उनके खून में कोरोना वायरस को खत्म करने की शक्ति है जिससे कोरोना पीड़ित की जान बचाई जा सकती है ।

बता दें कि, जब कोई व्यक्ति कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक हो जाता है तब उसके शरीर में कोरोना वायरस को बेअसर करने वाले विशेष प्रकार के प्रतिरोधी एंटीबॉडीज विकसित हो जाते हैं । मतलब बाहर से जो वायरस शरीर में प्रवेश करता है एंटीबॉडी उसका सामना कर सकता है । खून में मौजूद एंटीबॉडी को कोरोना संक्रमित व्यक्ति के शरीर में डालकर इन एंटीबॉडीज के जरिए संक्रमित मरीज के शरीर में मौजूद कोरोना वायरस को खत्म किया जाता है ।

क्या होता है ब्लड प्लाज्मा

ब्लड प्लाज्मा शरीर में मौजूद पीले रंग का तरल होता है । ये खून में 55 फीसदी तक मौजूद रहता है । जबकि शरीर में 41 फीसदी के आसपास रेड ब्लड सेल और 4 परसेंट वाइट ब्लड सेल होते हैं । खून में मौजूद ब्लड प्लाज्मा की वजह से ही पूरे शरीर में रक्त का संचार होता है । ब्लड प्लाज्मा में 91 परसेंट पानी होता है जबकि 9 फीसदी हिस्से में शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व जैसे विटेमिन, मिनरल और प्रोटीन होता है ।

यह भी पढ़ें : ॠतिक रोशन और अजय देवगन ने कोरोना वॉरियर्स से ब्ल्ड डोनेट करने की अपील करते हुए कहा- ‘आपके खून में है वायरस को खत्म करने की शक्ति’