
जैसा की हम सभी जानते हैं कि आमिर खान अपने हर किरदार में जान डालने के लिए जी-तोड़ मेहनत करते हैं । फ़िर चाहे इसके लिए कितना ही वक्त क्यों न लगे, लेकिन वह अपने किरदार में जान फ़ूंक देते हैं और इसलिए उन्हें बॉलीवुड का परफ़ेक्शनिस्ट कहा जाता है । आमिर खान को उनके काम के प्रति समर्पण के लिए भी जाना जाता है । अतीत में ऐसे कई उदाहरण है जब आमिर खान अत्यंत समर्पण और अपने अथक प्रयासों के साथ किरदार में अंदर तक घुसे । आमिर खान ने ऐसा एक बार फ़िर कर दिखाया, और इस बार आमिर ने ये किया अपनी आगामी फ़िल्म दंगल के लिए । आपको बता दें कि इस फिल्म में आमिर खान का दो लुक देखने को मिलेंगे । एक में वो बहुत ही मोटे करीब 93 किलो के वजन में दिखेंगे तो वहीं दूसरे लुक में बिल्कुल फिट दिखेंगे ।
गौरतलब है कि फ़िल्म दंगल, पहलवान महावीर सिंह फ़ोगट की जिंदगी को पर्दे पर उकेरेगी । चूंकि यह फ़िल्म महावीर की जिंदगी पर आधारित है, इसलिए इसमें महावीर की जिंदगी के कई उतार-चढ़ाव को दिखाया जाएगा । साथ ही ये भी बताएगी की वे कैसे सभी बाधाओं से लड़ते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफ़ल हुए ।
यूटीवी मोशन पिक्चर्स ने आमिर खान के फैट से फिट होने का एक मेकिंग वीडियो जारी किया जिसे देख आपको भी प्रेरणा मिलेगी । इस वीडियो में आमिर खान के मोटे (FAT) से पतले (FIT) होने तक का पूरा ट्रांसफॉर्मेशन दिखाया गया है । आपको ये जानकर हैरानी होगी कि आमिर खान को अपना पूरा लुक बदलने में पांच महीने लगे जिसमें उन्होंने खूब कसरत की साथ में डाइटिंग भी की । कई बार तो आमिर को ऐसा लगा कि वो इसे नहीं कर पाएंगे लेकिन फिर उनकी टीम ने उनकी हौसलाफजाई की ।
मोटे से पतले होने के बारें में आमिर खान ने खुलासा करते हुए कहा कि “नीतिश तिवारी चाहते थे की महाविर सिंह फ़ोगट के फ़िट शरीर वाले हिस्से की शूटिंग पहले कर ली जाए, लेकिन इसके
विपरीत मैंने पहले भारी-भरकम शरीर वाले महावीर सिंह फ़ोगट के हिस्से की शूटिंग करने का फ़ैसला किया । क्योंकि वह पूरी फ़िल्म में 80 प्रतिशत है ।” वहीं दूसरी तरफ़ दंगल के निर्देशक तिवारी ने खुलासा किया कि ये आमिर का ही फ़ैसला था कि वह वजनदार शरीर बनाने के लिए नेचुरल तरीका ही अपनाएंगे बजाए किसी बॉडी डबल के इस्तेमाल के । इस वीडियो में आमिर खान के ट्रेनर, राहुल भट्ट जो कि महेश भट्ट के बेटे हैं, भी नजर आ रहे हैं
दंगल, जिसे नीतिश तिवारी द्दारा निर्देशित किया गया है, में आमिर खान के साथ साक्षी तंवर, सान्या मल्होत्रा, फ़ातिमा सना शेख और अपारशक्ति खुराना मुख्य भूमिका में नजर आएंगे । यह फ़िल्म 23 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















