राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की कॉमेडी-हॉरर ड्रामा स्त्री 2 इस साल की सबसे बहुप्रतिक्षित फ़िल्मों में से एक है । फ़िल्म के टीजर ने पहले ही एक्साइटमेंट को हाई कर दिया है और अब मेकर्स ने ट्रेलर से पहले फ़िल्म का पोस्टर रिलीज किया है जिसने डर के साथ प्रत्याशा को और ज्यादा बढ़ा दिया है । मैडॉक फ़िल्म्स की स्त्री 2 का ट्रेलर 18 जुलाई को लॉन्च किया जाएगा ।

राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की स्त्री 2 में इस बार दिखेगा “सरकटे का आतंक” ; 18 जुलाई को लॉन्च होगा ट्रेलर

राजकुमार राव की स्त्री 2

श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव, पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी और अपारशक्ति खुराना की हॉरर कॉमेडी फ़िल्म स्त्री के सीक्वल स्त्री 2 ने पहले से ही डर और हँसी का माहौल सेट कर दिया है । पिछले 6 साल से फिल्म के सीक्वल का इंतजार हो रहा था, जो अब आखिरकार खत्म होने जा रहा है। पहली फिल्म में आतंक स्त्री का था, लेकिन अब एक सरकटे का आतंक होगा ।

फ़िल्म के नए पोस्टर में एक भूत है, जिसके हाथ में कटा हुआ सिर है। पोस्टर में श्रद्धा अपने लंबे बालों का जादू दिखाती नजर आ रही हैं । इसके ऊपर लिखा है, “सरकटे का आतंक।” कैप्शन में लिखा, है- “काली ताकत से सबकी रक्षा करने वो आ रही है बस दो दिन में।”

इस फिल्म को दिनेश विजान के मैडॉक फिल्म ने प्रोड्यूस किया है, जो उनके हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स फिल्मों का हिस्सा है । बता दें कि इसके पहले दिनेश विजान स्त्री, रूही, भेड़िया और मुंज्या जैसी हिट फिल्में बना चुके हैं । अब वह उस फिल्म स्त्री का सीक्वल ला रहे हैं, जो कि उनके इस यूनिवर्स की शुरुआती मूवी थी । अमर कौशिक के डायरेक्शन में बनी हॉरर-कॉमेडी स्त्री 2 इस साल 15 अगस्त को रिलीज होने वाली है ।यह फ़िल्म जॉन अब्राहम की वेदा और अक्षय कुमार की खेल खेल में से बॉक्स ऑफिस मुक़ाबला करेगी ।