साल 2018 के बाद शाहरुख खान ने फ़िल्मों से कुछ समय के लिए एक ब्रेक ले लिया था । और फ़िर साल 2023 में शाहरुख ने यशराज फ़िल्म्स की स्पाई ड्रामा फ़िल्म पठान से ऐसा ब्लॉकबस्टर कमबैक किया कि अब वह पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहते । पठान जहां ऑलटाइम ब्लॉकबस्टर फ़िल्म बनकर उभरी वहीं सितंबर 2023 में रिलीज हुई शाहरुख की अगली फ़िल्म जवान भी ब्लॉकबस्टर साबित हुई । और अब शाहरुख खान इस साल की अपनी तीसरी फ़िल्म रिलीज करने जा रहे हैं जिसने अपने फ़र्स्ट टीजर से पहले ही फ़ैंस के बीच प्रत्याशा बढ़ा दी है । हाल ही में शाहरुख खान के 58 वें जन्मदिन पर डायरेक्टर राजकुमार हिरानी ने डंकी के फ़र्स्ट टीजर को रिलीज किया और एक फ़ैन ईवेंट आयोजित किया । इस दौरान शाहरुख ने बताया कि वह डंकी के साथ 3 इडियट्स और मुन्नाभाई के समय उनसे जो गलती हुई थी, नहीं दोहराना चाहते थे ।

शाहरुख खान की राजकुमार हिरानी के साथ डंकी
शाहरुख के जन्मदिन पर आयोजित एक फ़ैन ईवेंट में शाहरुख ने बताया कि, “मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ था, जब हिरानी मेरे पास मुन्ना भाई लेकर आए थे, तो मैंने कहा नया डायरेक्टर है तो कर ही लेगा, मैं बोलूंगा 6-8 महीने के बाद कर लेंगे । तो मैंने कहा 9 महीने के बाद करेंगे, तो ये चला गया । फिर 3 इडियट्स के लिए आया तो मैंने कहा अभी भी इतना बड़ा क्या हो गया रहेगा, मैं तो बहुत बड़ा हो गया हूं । जब ये 3 इडियट्स के लिए चला गया तो मैं समझ गया कि इससे चांस नहीं लेने का । हालांकि इस बार कोविड में मैंने उसको बबल में ही पकड़ लिया, मैंने कहा कि प्लीज इस बार मत जाना, ये फिल्म मेरे साथ बनाना । दूसरे हीरोज को भी मिलने नहीं दिया । अभी भी मौका नहीं दे रहा हूं कि किसी को डाल न दे गेस्ट अपीरियंस में । स्टोरी है कि हम दोनों इतने बड़े हो गए हैं कि एक दूसरे के लिए थोड़ा टाइम लग गया । अब हमने बहुत ही प्यारी और छोटी सी फिल्म बनाई जब हम इतने बड़े हो गए हैं ।”
राजकुमार हिरानी के नाम एक भी फ़्लॉप फ़िल्म नहीं देने का रिकॉर्ड है । उन्होंने मुन्ना भाई एमबीबीएस, 3 इडियट्स , पीके और संजू जैसी सफ़ल फिल्में दी हैं । और अब हिरानी फ़ाइनली शाहरुख के साथ डंकी लेकर आ रहे हैं जिसमें शाहरुख के साथ तापसी पन्नू , विक्की कौशल और बोमन ईरानी भी अहम रोल में नजर आने वाले हैं । JIO स्टूडियोज़, रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और राजकुमार हिरानी फिल्म्स की प्रस्तुति, इस फिल्म को राजकुमार हिरानी और गौरी खान द्वारा निर्मित किया गया है। राजकुमार हिरानी के साथ अभिजात जोशी और कनिका ढिल्लों द्वारा इसे लिखा गया है।
















