बॉलीवुड के जाने माने निर्देशक शेखर कपूर ने अपने करियर में कई ऐसी फिल्मों का निर्देशन किया है जिन्होंने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी है । और अब शेखर कपूर अपने निर्देशन की पहली फिल्म मासूम, जिसमें नसीरुद्दीन शाह और शबाना आजमी मुख्य भूमिका में नज़र आए थे, के सीक्वल पर काम कर रहे हैं जिसका नाम है, मासूम…द नेक्स्ट जेनरेशन । शेखर कपूर के निर्देशन में बन रही मासूम…द नेक्स्ट जेनरेशन में कहा जा रहा है कि एक बार फिर शबाना आज़मी नज़र आ सकती हैं ।

मासूम…द नेक्स्ट जेनरेशन में शबाना आज़मी आ सकती हैं नज़र
पहली फिल्म की सफलता के सालों बाद शेखर ने इस फिल्म का सीक्वल लाने की योजना बनाई है । पहली फिल्म की कहानी और खासतौर पर फिल्म के गाने तो लोगों के दिल में घर कर गए थे । फिल्म का कहानी भी काफी दिलचस्प थी । अपने निर्देशन की पहली फिल्म को बनाना शेखर के लिए काफी मुश्किल था । फिल्म के लिए शबाना आजमी को राजी करने की कहानी भी काफी दिलचस्प है । सोशल मीडिया पर शेखर की हालिया पोस्ट ने लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया है कि क्या शबाना आज़मी भी बहुप्रतीक्षित सीक्वल का हिस्सा बनने जा रही हैं।
सिनेमा में कपूर के योगदान ने न केवल भारतीय परिदृश्य को आकार दिया है, बल्कि उनकी फिल्में एलिजाबेथ और एलिजाबेथ: द गोल्डन एज के ऑस्कर पुरस्कार जीतने के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच तक भी फैली हैं । प्रतिभा को पहचानने के उनके दृष्टिकोण का एक सिद्ध ट्रैक रिकॉर्ड रहा है, उन्होंने मुख्यधारा सिनेमा द्वारा खोजे जाने से पहले केट ब्लैंचेट, एडी रेडमायने और हीथ लेजर जैसे अभिनेताओं के साथ काम किया था ।
















