जैसा कि उम्मीद की जा रही थी यश स्टारर केजीएफ- चैप्टर 2 ने अपनी रिकॉर्ड ओपनिंग से भारतीय सिनेमा में एक नया इतिहास रच दिया है । 14 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई केजीएफ- चैप्टर 2 ने अपनी रिलीज के पहले दिन यानि ओपनिंग डे पर कुल 53.95 करोड़ रु की कमाई की जो अभी तक का सबसे बड़ा ओपनिंग कलेक्शन बताया जा रहा है । फ़िल्म को लोगों का जबरद्स्त प्यार मिल रहा है इसलिए फ़िल्म ने दूसरे दिन भी अच्छी खासी कमाई करने में कामयाब हुई । नतीजतन केजीएफ- चैप्टर 2 महज दो दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने में कामयाब हुई ।

केजीएफ- चैप्टर 2 ने बनाया एक नया इतिहास
महंगे टिकट होने के बावजूद रिकॉर्ड एडवांस बुकिंग और सुबह 6 बजे से शुरू हुए शोज व स्पेशल मिड नाइट शोज के चलते केजीएफ- चैप्टर 2 बॉक्स ऑफ़िस पर हर दिए एक नया इतिहास बना रहा है । जहां फ़िल्म ने अपने ओपनिंग डे पर कुल 53.95 करोड़ रु की कमाई की वहीं दूसरे दिन 46.79 करोड़ रु की कमाई करने में कामयाब हुई । केजीएफ़ 2 लगातार पिछले सभी बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड को तोड़ने में कामयाब हो रही है ।
पीछे छोड़ा बाहुबली 2 को भी
केजीएफ़ 2 महज दो दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करते हुए कुल 100.74 करोड़ रु की कमाई कर चुकी है । इस तरह फ़िल्म ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है । वास्तव में, केजीएफ 2 सबसे जल्दी 100 करोड़ का आकड़ा पार करने वाली फ़िल्म बन गई है । इसी के साथ केजीएफ़ 2 ने कई ब्लॉकबस्टर फ़िल्म बाहुबली 2 - द कन्क्लूजन, आमिर खान स्टारर दंगल, संजू और सलमान खान स्टारर टाइगर जिंदा है और बजरंगी भाईजान जैसी पिछली रि ब्लॉकबस्टर फ़िल्मों को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने अपने तीन दिनों में यह उपलब्धि हासिल की है।
सिनेमाघरों में धूम मचा रही केजीएफ़ 2 को लॉन्ग वीकेंड का भी अच्छा अवसर मिल रहा है कमाई के लिए । ऐसे में आगे आने वाले दिनों में यह फ़िल्म कमाई के मामले में बॉक्स ऑफ़िस पर सफ़लता के नए इतिहास रचने में कामयाब होगी । उम्मीद लगाई जा रही है अपने ओपनिंग वीकेंड पर यह फ़िल्म 200 करोड़ का आंकड़ा छू सकती है ।
















