देश भर में गणेशोत्सव की धूम है ऐसे में हर कोई अपने-अपने तरीके से गणपति बप्पा का आगमन कर रहा है । बॉलीवुड भी इससे अछूता नहीं है । गणपति बप्पा के लिए ह्रितिक रोशन की भक्ति किसी से छुपी हुई नहीं है । फ़िल्म अग्निपथ में ह्रितिक रोशन का एक गणपति भक्त के रूप में "देवा श्री गणेशा" पर झूमना हर किसी को खूब भाया । और अब गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर ह्रितिक रोशन ने जुहू स्थित अपने घर पर गणपति बप्पा का स्वागत किया ।

अभिनेता और उनका परिवार कई दशकों से इस त्यौहार का जश्न मनाता आ रहा है । यह उनके दादा द्वारा शुरू कि गयी एक परंपरा है जिसे आज भी ह्रितिक और उनका पूरा परिवार बहुत प्यार और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाता है ।

ह्रितिक बचपन से ही भगवान गणेश में विश्वास करते आये हैं और वह ग़णपति जी के विशाल भक्त हैं । ये ही नही, अभिनेता के घर के प्रवेश द्वार पर एक गणेश जी की मूर्ति स्थापित है और ह्रितिक घर से निकलने से पहले इनसे आशिर्वाद लेना नहीं भूलते हैं ।

ऐसे मौके पर ह्रितिक रोशन ने बताया कि, "मैं बचपन से अपने परिवार के साथ गणेश चतुर्थी का जश्न मना रहा हूं, जिनकी मेरे पास बहुत अच्छी यादें है । हम गणेशजी के स्वागत के लिए मुंबई की सड़कों पर नृत्य करते थे । मैं भगवान गणेशजी का बहुत बड़ा भक्त हूं और वह मेरे जीवन में एक खास जगह रखते हैं । यह त्योहार बहुत खुशी और उत्साह लाता है ।"

अभिनेता ने इस साल डेढ़ दिन के गणपति अपने घर स्थापित किए और वह निजी तौर पर यह सुनिश्चित करते है की वो आरती में भाग ले और ज़्यादा से ज़्यादा समय गणपति की सेवा कर सके ।