गणेश चतुर्थी मनाने की भावना इस तथ्य में निहित है कि यह सभी को एक साथ लाता है । ऋतिक रोशन हमेशा हर्षोउल्लास के साथ त्योहारों को मनाने में विश्वास रखते हैं । यही वजह है कि इस महामारी के बीच भी, ऋतिक रोशन ने घर पर गणेश जी का आगमन करते हुए इस त्योहार का जश्न मनाया है । इतना ही नहीं ॠतिक रोशन ने कोरोना महामारी को देखते हुए अपने घर पर विराजमान गणपति बप्पा का विसर्जन भी अपने घर पर अपनों के धूमधाम से किया ।

ॠतिक रोशन ने शेयर की गणेशोत्सव से जुड़ी अपने बचपन की याद, कहा- ‘मुझे लगता है कि गणेशजी मेरी बात सुनते हैं’

ॠतिक रोशन को याद आ जाता है अपना बचपन

चूंकि गणपति बप्पा ने इस साल के लिए हम सभी से विदाई ले ली है, ऐसे में ऋतिक ने साझा किया कि कैसे यह त्योहार विशेष रूप से उन्हें बचपन के दिनों की याद दिला देता है और उनका मानना है कि यह ऐसे त्योहार हैं जो दोस्तों और परिवारों को एक साथ लाते हैं ।

गणेश जी से है खास लगाव

इस साल घर पर मनाए गए छोटे से जश्न की एक झलक साझा करते हुए, ऋतिक ने अपने सोशल मीडिया पर एक प्यारी वीडियो शेयर की है और लिखते हैं, “गणेश उत्सव हमेशा मेरे बचपन के दिनों को ताज़ा कर देता है । शायद इसलिए क्योंकि हमारे सभी त्यौहार हमारे भीतर छिपे बच्चे को सुकून देने, एकजुट होने, दोस्तों और परिवार से मिलने वाले बेशुमार प्यार से घिरा होता है । कम से कम मेरे लिए हमेशा से ऐसा ही था । धर्म से अधिक, यह प्रेम के बारे में होता है । गणपति विशेष रूप से मेरे लिए सबसे प्रिय है । हाहा, एक बच्चे के रूप में मुझे वास्तव में लगा था कि वह मेरी बात सुनते है । आज भी ऐसा ही लगता है । #GanpatiBappaMorya”

ऋतिक को आखिरी बार वॉर और सुपर 30 जैसी सफल फिल्मों में नजर आए थे । उनकी फिल्म सुपर 30 को अमेरिका और नीदरलैंड में फिर से रिलीज किया गया है। और अब फ़ैंस ऋतिक की अगली फ़िल्म के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं ।