फ़िल्में लोगों के मनोरंजन का सबसे बड़ा सोर्स मानी जाती है । लेकिन थिएटर में मूवी टिकट की बढ़ती क़ीमत कहीं न कहीं दर्शकों को परेशान कर रही हैं । जहां एक वर्ग फ़िल्म को थिएटर में देखकर एंजॉय कर रहा है वहीं एक वर्ग ऐसा भी है जिसे फ़िल्म की टिकट की बढ़ी क़ीमत से एतराज है । फ़िल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में भी इस बात को नोटिस किया गया है कि, वीकेंड में फ़िल्मों का कलेक्शन ठीक रहता है लेकिन वीक डेज़ में काफ़ी नीचे गिर जाता है । लेकिन अब इसका सोल्यूशन निकाला है दिग्गज फिल्म समीक्षक और ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने, जिन्होंने बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में बताया की यदि मेकर्स चाहते हैं कि वीक डेज़ में भी उनकी फ़िल्मों का कलेक्शन ऊपर रहे तो इसके लिए उन्हें फ़िल्म की टिकट प्राइस को कम करना होगा ख़ासकर वीक डेज़ में ।

मूवी टिकट प्राइस को कम करने की ज़रूरत
आम आदमी की पहुंच से दूर और दिन-प्रति-दिन मूवी टिकट की बढ़ती क़ीमत पर जब तरण आदर्श से पूछा गया तो उन्होंने कहा, “वीक डेज़ में अचानक फ़िल्म का कलेक्शन नीचे आ जाता है । ऐसे में होना ये चाहिए कि वीक डेज़ में मूवी टिकट की क़ीमत कम रखनी चाहिए । ताकि ये आम आदमी की पहुँच के अंदर हो । वीकेंड में तो चल जाता है कि, लोग अपनी फ़ैमिली के साथ जा रहे हैं फ़िल्म देखने के लिए लेकिन वीक डेज़ पर फ़िल्म की कमाई नीचे आ जाती है । इसलिए मैंने पर्सनल लेवल पर भारत की लीडिंग मल्टीप्लेक्स चेन्स से बात की है और अनुरोध किया है कि प्लीज़ आप वीक डेज़ पर अपनी फ़िल्म की टिकट प्राइस कम रखिए । हम और आप तो मीडिया स्क्रीनिंग में देख लेते हैं फ़िल्म लेकिन एक आदमी जब अपनी फ़ैमिली के साथ फ़िल्म देखने जाता है तो उसे वो टिकट के दाम बहुत महँगे लगते हैं । ऐसे में आप इंडायरेक्टली OTT को बढ़ावा देते हैं, पायरेसी को बढ़ावा देते हैं । तो देखते हैं आने वाले दिनों में मूवी टिकट की क़ीमत आम आदमी की पहुँच के अंदर हो, ऐसा मैंने प्रयास किया है ।”
इसी इंटरव्यू के दौरान तरण आदर्श ने यह भी कहा है कि भारतीय फिल्म उद्योग में सिंगल-स्क्रीन थिएटर मल्टीप्लेक्स से ज्यादा मायने रखते हैं । उन्होंने कहा, “सिंगल स्क्रीन के कारोबार को अंडरएस्टिमेट मत कीजिए । गदर 2 की बात करें तो, 40% कलेक्शन मल्टीप्लेक्स से आया है, और 60% या शायद इससे भी अधिक मास-सर्किट और सिंगल स्क्रीन से आया है । निर्माताओं और वितरकों को ‘देसी सिनेमा’ की पावर को नहीं भूलना चाहिए ।”
















