बॉक्स ऑफ़िस पर 252.90 करोड़ रु कमा चुकी द कश्मीर फाइल्स अपने डिजिटल प्रीमियर के लिए तैयार है । द कश्मीर फाइल्स का स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ZEE5 पर 13 मई को वर्ल्ड डिजीटल प्रीमियर होगा । बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ सफलता के बाद, द कश्मीर फाइल्स अब भारत और कई अन्य देशों में हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ सहित कई भाषाओं में उपलब्ध होगी । फ़िल्म की कहानी से लेकर किरदारों की एक्टिंग तक, हर चीज ने लोगों को प्रभावित किया ।

द कश्मीर फाइल्स डिजीटल प्रीमियर के लिए तैयार
द कश्मीर फाइल्स ऐसी सच्ची कहानी पर आधारित फ़िल्म है जो कश्मीरी पंडितों के दर्द को बयां करती है । डायरेक्टर विवेक रंजन अग्निहोत्री को न केवल देश बल्कि विदेशों में भी इस फ़िल्म के लिए खूब सराहा जा रहा है । अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी और दर्शन कुमार ने इस फ़िल्म में अहम भूमिका निभाई है ।
जब फ़िल्म के लीड एक्टर में से एक दर्शन कुमार से पूछा गया कि, जहां फिल्म को बहुत प्यार मिला है, वहीं इसे समाज के कुछ वर्गों से मिली-जुली प्रतिक्रिया भी मिली है । इसपर आपको क्या कहना है ?
इसके जवाब में दर्शन कुमार ने कहा, “कश्मीर फाइल्स सभी को पसंद हैं । यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, यह एक भावना है । लोग फिल्म से जुड़ रहे हैं, क्योंकि यह एक निहायती ईमानदार फिल्म है, जिसमें कड़वे सच हैं । बहुत कम लोग हैं जो फिल्म के खिलाफ हैं क्योंकि उन्होंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है । मैं उनसे फिल्म देखने का अनुरोध करता हूं, क्योंकि कश्मीर फाइल्स किसी समुदाय, जाति या पार्टी के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि असल में यह आतंकवाद के खिलाफ हैं । मुझे उम्मीद है कि वे जल्द ही Zee5 पर फिल्म देखेंगे और समझेंगे की यह दूसरों की तरह आतंकवाद के खिलाफ एक स्टैंड ।”
कश्मीरी पंडितों के विस्थापन पर बनी द कश्मीर फाइल्स ज़ी स्टूडियोज और तेज नारायण अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, पल्लवी जोशी और विवेक रंजन अग्निहोत्री द्वारा निर्मित है। ये विवेक अग्निहोत्री द्वारा लिखित और निर्देशित है ।
















