अभिनेता अली फ़ज़ल एक बार फिर ग्लोबल मंच पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें ब्रिटेन की संसद सदस्य एलिस मैकडॉनल्ड ने उनकी आने वाली अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म 'रूल ब्रेकर्स' (निर्देशक: ऑस्कर विजेता बिल गटेंटाग) की स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए आमंत्रित किया। इस ख़ास स्क्रीनिंग के बाद फ़िल्म की स्टारकास्ट के साथ एक पैनल चर्चा भी हुई, जहाँ अली ने निर्देशक के साथ मिलकर फ़िल्म के निर्माण और इसके संदेश पर बातचीत की।

अली फज़ल की इंटरनेशनल फ़िल्म रूल ब्रेकर्स
अली फज़ल ने इस मौके पर अपनी खुशी और आभार जताते हुए कहा, “यूके संसद में एमपी एलिस मैकडॉनल्ड के न्यौते पर रूल ब्रेकर्स की स्क्रीनिंग में शामिल होना मेरे लिए बहुत गर्व और सम्मान की बात है। यह सिर्फ़ एक फ़िल्म दिखाने का मौका नहीं, बल्कि ऐसे किस्सों पर चर्चा करने का माध्यम है जो परंपराओं को चुनौती देते हैं और बदलाव की प्रेरणा देते हैं। यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मैंने सिर्फ़ खुद को ही नहीं बल्कि उन अद्भुत टीमों को भी रिप्रेज़ेंट किया जिनके साथ मुझे काम करने का सौभाग्य मिला। बिल गटेंटाग जैसे फ़िल्मकार, जिनका काम मैं लंबे समय से सराहता आया हूँ, उनके साथ काम करना बेहद शानदार अनुभव रहा। और अब हमारी फ़िल्म को इतनी ऐतिहासिक और प्रभावशाली जगह पर पेश करना सचमुच विनम्र और प्रेरणादायक है। बतौर कलाकार, मैं मानता हूँ कि सिनेमा की ताक़त सीमाओं से परे जाती है और ऐसे मौके हमें याद दिलाते हैं कि हम यह सब क्यों करते हैं।”

रूल ब्रेकर्स के साथ अली फज़ल एक बार फिर यह साबित कर रहे हैं कि वे भारतीय और अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स के बीच बेहतरीन संतुलन रखते हुए भारतीय टैलेंट को वैश्विक स्तर पर ले जा रहे हैं।

















