मेलबर्न इस साल बॉलीवुड की शाही अदाओं और खूबसूरती का स्वागत करने के लिए तैयार है, क्योंकि दर्शकों की चहेती अदाकारा अदिति राव हैदरी, जो हाल ही में हीरामंडी में बिब्बो जान के किरदार से सबका दिल जीत चुकी हैं, इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) 2025 में शिरकत करने जा रही हैं। अदिति एक ऐसी कलाकार हैं जिन्होंने हर मंच और मीडियम पर अपनी अदाकारी से पहचान बनाई है—चाहे वह मेनस्ट्रीम हो या इंडिपेंडेंट सिनेमा, OTT हो या थियेटर, और हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु जैसी भाषाओं में भी उन्होंने कई दमदार भूमिकाएं निभाई हैं। उनके इसी बहुआयामी योगदान को सराहते हुए, उन्हें ‘डाइवर्सिटी इन सिनेमा अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।

अदिति राव हैदरी को मिलेगा सम्मान
अदिति, जो हीरामंडी में बिब्बो जान के रूप में अपनी यादगार परफॉर्मेंस के लिए खूब सराही गईं, आज भी अपनी खूबसूरती, सादगी और गहरी अदाकारी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। IFFM 2025 में उनकी मौजूदगी इस समारोह में चार चांद लगा देगी।
अदिति राव हैदरी ने इस अवसर पर कहा, “मेलबर्न के इस खास फिल्म फेस्टिवल में गेस्ट ऑफ ऑनर बनना और ‘डाइवर्सिटी इन सिनेमा अवॉर्ड’ पाना मेरे लिए बहुत गर्व और सम्मान की बात है। मेलबर्न हमेशा से ही बहुत प्यार और अपनापन देने वाला शहर रहा है। यहां आकर सिनेमा के इतने जुनूनी दर्शकों के बीच खुद को सम्मानित होते देखना बेहद खास अनुभव है। मैं बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूं उन सभी कलाकारों और सिनेप्रेमियों से मिलने का और इस फेस्टिवल की उर्जा को महसूस करने का।”
फेस्टिवल की डायरेक्टर मीतू भौमिक लैंगे ने कहा,“अदिति राव हैदरी, शालीनता और कला की सच्ची मिसाल हैं। उनका हर किरदार उनकी बहुमुखी प्रतिभा और गहराई को दर्शाता है। हम बेहद खुश हैं कि वह IFFM 2025 का हिस्सा बन रही हैं और हम उन्हें ‘डाइवर्सिटी इन सिनेमा अवॉर्ड’ से सम्मानित करेंगे। उनकी मौजूदगी इस साल के आयोजन को और भी यादगार बना देगी।”
IFFM 2025 में इस साल फिल्मों की खास स्क्रीनिंग, चर्चाएं, अवॉर्ड समारोह और सितारों की मौजूदगी देखने को मिलेगी—जिसमें अदिति राव हैदरी की भागीदारी इस फेस्टिवल के सबसे खास और चर्चित पलों में से एक होगी।
















