पिछले तीन दशकों से बॉलीवुड पर शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान का जबरदस्त दबदबा रहा है । इन तीनों की फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई । हर साल किसी न किसी खान की फिल्म बड़ी उम्मीदों के साथ रिलीज होती है और अक्सर सफलता भी हासिल करती है । हाल ही में आमिर खान ने राज शमानी के पॉडकास्ट में बॉलीवुड के इन तीन ख़ान पर खुलकर बात की साथ ही ये भी कहा इनके अलावा भी बॉलीवुड में स्टार्स हैं ।

शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान बॉलीवुड के टॉप खान
जब आमिर खान से पूछा गया कि फ़िल्म इंडस्ट्री में इतने सारे एक्टर हैं तो फिर सिर्फ 3 खान (शाहरुख-सलमान-आमिर) की बात क्यों होती है ? इस पर एक्टर आमिर खान ने कहा, “जो चीज मुझे तकलीफ देती है, वो ये है कि लोग शाहरुख, सलमान और मेरा नाम लेते हैं । ये कोई गलत बात नहीं है लेकिन मुझे बुरा लगता है क्योंकि हमारे साथ-साथ अजय देवगन, अक्षय कुमार, ऋतिक रोशन भी इतने ही साल चले हैं । हम में से कई लोग 30-35 साल से काम कर रहे हैं । जो नॉर्मल नहीं है । सभी ने बड़ी हिट दी, सभी कामयाब हैं । इसलिए मैं इसे सही करना चाहता हूँ ।”
आमिर से जब पूछा गया कि तो क्यों फिर आप तीनों खान्स के बारे में ही बात होती है ? इस पर जवाब देते हुए एक्टर ने कहा कि, “क्योंकि हो सकता है हमारी फिल्मों ने ज्यादा कलेक्शन किया हो, रिकॉर्ड्स बनाए हो । शाहरुख-सलमान और मेरे बीच में हमेशा एक कॉम्पिटिशन रहा हो कि कौन आगे निकलेगा । लेकिन मेरे लिए ये कॉम्पिटिशन नहीं है, क्योंकि हमारा काम लोगों के दिल तक पहुंच रहा है । बस उसमें क्या कॉम्पिटिशन है ।”
आमिर ने आगे कहा, “जब मैं शाहरुख का काम देखता हूं तो मैं भी पसंद करता हूं, मैं भी हंसता हूं. अब मैं क्या शिकायत करूं, अच्छा तो काम वो कर रहा है । सलमान के बारे में भी वो ही बात मैं कहता हूं । संजय दत्त की मुन्ना भाई मैंने देखी मैं काफी इंप्रेस हुआ । कितना अच्छा उन्होंने काम किया । मुझे अच्छे काम में इंट्रेस्ट है । मैं काम की तारीफ हमेशा करता हूं । जो काम मुझे अच्छा लगता है, मैं उसमें लग जाता हूं । मैं कामचोरी नहीं करता । मैं काम को लेकर बहुत जुनूनी हूँ । मैं बहुत बड़ा सेल्फ क्रिटिक हूँ ।इसलिए मैं अपने आपको कभी बेवक़ूफ़ नहीं बनाता ।”
















