
छोटे पर्दे पर अब ऐसा धमाल होने वाला है जिसे आपने इससे पहले कभी नहीं देखा होगा । जल्द ही टीवी पर दोनों जुड़वाओं का मिलन देखने को मिलेगा । जी हां, जहां बिग बॉस का प्रमोशन पूरे जोर शोर से शुरू हो चुका है और इसके प्रोमो में सलमान खान की झलक दर्शकों के उत्साह को और ज्यादा बढ़ा रही है । इस शो में पहली फ़िल्म जो प्रमोट की जाएगी, वो है वरुण धवन अभिनीत जुड़वा 2 ।
आपको बता दें कि जुड़वा 2 इसी हफ़्ते रिलीज होने वाली है और बिग बॉस के 11वें सीजन का प्रीमियर भी इसी हफ़्ते 1 अक्टूबर को होगा । फ़िल्म प्रमोशन के सिलसिले में फ़िल्म की टीम इस शो के प्रीमियर की हिस्सा बनेगी । दिलचस्प बात यह है कि बिग बॉस के होस्ट सलमान खान ने जुड़वा के ऑरिजनल फ़िल्म में अहम भूमिका निभाई थी और यह फ़िल्म 90 के दशक की ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी । वरुण धवन और सलमान खान के प्रशंसकों के लिए यह खबर काफ़ी खुश कर देने वाली है क्योंकि उन्हें दोनों की कैमिस्ट्री न केवल फ़िल्म में बल्कि अब छोते पर्दे पर भी देखने को मिलेगी ।
बिग बॉस का फ़ोरमेट असल में अमेरिकी शो बिग ब्रदर, जिसमें 14 प्रतिभागी शामिल होते हैं, पर बेस्ड है । बिग बॉस में वैसे तो हर साल सेलिब्रिटी ही शिरकत करते आए हैं लेकिन पिछले साल आम जनता में से भी एक प्रतिभागी को शामिल किया गया था ।
फ़िल्म की बात करें तो, जुड़वा 2 में वरुण धवन, जहां सलमान खान के किरदार में नजर आएंगे जबकि जैकलिन फ़र्नांडीज और तापसी पन्नू करिश्मा कपूर और रंभा की भूमिका में नजर आएंगी । डेविड धवन द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म 29 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















