हॉलीवुड और बॉलीवुड के बीच की रेखा अब धुंधली होती जा रही है क्योंकि भारत के कई कलाकारों को विदेशों में अभिनय करने का मौका मिल रहा है । प्रियंका चोपड़ा, इरफ़ान खान, अली फ़जल, निमरत कौर जैसे कई कलाकारों ने विदेशी टीवी शो और फ़िल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया । और एक और बॉलीवुड अभिनेत्री को अमेरिका के एक टीवी शो में काम करने का अवसर मिला है ।

एमी जैक्सन, जो अपनी आगामी फ़िल्म 2.0 की रिलीज का इंतजार कर रही है, अब अमेरिकी टीवी शो में आने की तैयारी कर रही है । जी हां, अब एमी जैक्सन अमेरिकी सुपरहीरो टेलीविजन सीरीज, सुपरगर्ल में सैटर्न गर्ल का किरदार निभाएंगी । आपको बता दें कि ब्रिटेन में जन्मी एमी जैक्सन इस शो में सैटर्न गर्ल उर्फ इमरा आर्दीन के किरदार में नजर आएंगी । उनका किरदार दयालु, स्मार्ट और एक मजबूत-मर्मज्ञ नायिका का होगा जो लोगों की जरू्रत पड़ने पर उनकी सहायता करती है । इमरा आर्दीन टाइटन में जन्मी थी, जो कि एक शनि के उपग्रह में से एक है ।

गौरतलब है कि, सैटर्न गर्ल डीसी कॉमिक्स का एक काल्पनिक कैरेक्टर है । अप्रैल 1958 में यह कैरेक्टर पहली बार कॉमिक्स में अस्तित्व में आया था । कॉमिक्स में, 31 वीं सदी में लीगियन ऑफ सुपर-हीरोज के संस्थापक सदस्यों में से एक सैटर्न गर्ल । यह सुपरहीरो में पहली महिला सुपरहीरो थी । इस शो का तीसरा सीजन अमेरिका में 9 अक्टूबर से प्रसारित होगा ।

फ़िल्म की बात करें तो, एमी जैक्सन जल्द ही आगामी फ़िल्म 2.0 में रजनीकांत और अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगी ।