अक्षय कुमार की हिट फ़्रेंचाइज़ी में से एक वेलकम की तीसरी किश्त वेलकम 3, जिसका नाम वेलकम टू द जंगल है, का हाल ही में अनाउंसमेंट हुआ था । इस बार वेलकम टू द जंगल में जहां अक्षय कुमार लीड रोल में नज़र आएँगे वहीं नाना पाटेकर और अनिल कपूर की जगह संजय दत्त और अरशद वारसी अहम भूमिका में दिखाई देंगे । और इसी बीच प्रोड्यूसर फ़िरोज़ नाडियाडवाला ने अपनी मचअवेटेड वेलकम टू द जंगल की रिलीज डेट भी फ़ाइनल कर ली है ।

अक्षय कुमार की वेलकम टू द जंगल की रिलीज़ डेट हुई लॉक
फ़िरोज़ ए नाडियाडवाला ने अपनी कॉमेडी फ्रैंचाइज़ वेलकम की तीसरी किस्त वेलकम टू द जंगल के लिए क्रिसमस 2024 को लॉक कर दिया है । साल 2007 के क्रिसमस पर रिलीज़ हुई पहली वेलकम की तरह, निर्माता फ़िरोज़ ए नाडियाडवाला अपनी पारिवारिक मनोरंजन फिल्म वेलकम टू द जंगल को क्रिसमस 2024 में रिलीज़ करने का फैसला किया है ।
जॉली एलएलबी 3 और हाउसफुल 5 की शूटिंग पूरी करने के बाद अक्षय अगले साल फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं । फ़िरोज़ नाडियाडवाला ने कुछ दिन पहले बॉलीवुड हंगामा से हुई एक्सक्लूसिव बातचीत में वेलकम टू द जंगल के बारें में बताया था कि इस बार फ़िल्म में देशभक्ति का टच होगा । फ़िरोज़ नाडियाडवाला ने कहा, “वेलकम 3 का नाम वेलकम टू द जंगल होगा । यह इस फ्रैंचाइज़ी से जुड़ी कॉमेडी और मनोरंजन को बनाए रखेगी साथ ही यह एक मिलिट्री एक्शन की पृष्ठभूमि पर आधारित होगीग । इस फिल्म में एक्शन जबरदस्त होगा । हम 'huey' हेलीकॉप्टरों का उपयोग करेंगे और पहली बार किसी भारतीय फिल्म में, वायुयान वाहकों का उपयोग एक्शन दृश्यों में किया जाएगा । प्रोडक्शन वैल्यू, भव्यता आदि के मामले में इसे ऐसा बनाया जाएगा को भारतीय सिनेमा में इससे पहले कभी नहीं देखे गए हो ।”
फ़िरोज़ नाडियाडवाला ने आगे कहा, “अंत में, इसमें बहुत मजबूत और भावनात्मक देशभक्ति का टच होगा । फिल्म का 65-70% हिस्सा जंगल में सेट किया जाएगा । हमें उम्मीद है कि फ़िल्म की शूटिंग अगले साल शुरू हो जाएगी । हमारे साथ रियल लाइफ़ पूर्व-सैन्य लोग होंगे जो हमें बताएँगे कि बड़ी बंदूकें, आरपीजी, एसएएम (सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल) और ऐसे अन्य ठोस सैन्य हार्डवेयर को कैसे हैंडल करना है ।”
















