यशराज फिल्म्स (YRF) की बहुप्रतीक्षित फिल्म वॉर 2 न केवल अपने रोमांचक एक्शन और स्टारकास्ट के लिए चर्चा में है, बल्कि इसके एंड क्रेडिट्स में भी दर्शकों के लिए बड़ा सरप्राइज छुपा है । सूत्रों के मुताबिक, फिल्म के एंड क्रेडिट रोल में ऐसे दो अहम प्लॉट प्वाइंट्स का खुलासा होगा, जो आने वाले वर्षों में YRF स्पाई यूनिवर्स की दिशा तय करेंगे।

वॉर 2 के एंड क्रेडिट में छुपा सीक्रेट
एक सीनियर इंडस्ट्री सूत्र ने बताया, “YRF स्पाई यूनिवर्स हर फिल्म के साथ और बड़ा हो रहा है। वॉर 2 के एंड क्रेडिट्स में दो बड़े खुलासे होंगे, जो आने वाले चैप्टर्स की कहानी को आकार देंगे। यशराज इन सीक्रेट्स को दर्शकों और फैंस से छिपाने में पूरी कोशिश कर रहा है, लेकिन जो जानते हैं उनका कहना है कि ये मोमेंट्स लोगों का दिमाग हिला देंगे ।”
सूत्र ने आगे कहा, “वॉर 2 सिर्फ फिल्म नहीं, बल्कि इसके एंड क्रेडिट्स भी देखने लायक होंगे। YRF स्पाई यूनिवर्स को भारत का मार्वल कहा जाता है और माना जा रहा है कि ये दो ईस्टर एग्स दिखाएंगे कि आदित्य चोपड़ा के दिमाग में आगे की फिल्मों के लिए क्या प्लान है। अफवाहें हैं कि या तो नए कैरेक्टर्स पेश किए जाएंगे, या फिर पुराने स्पाई यूनिवर्स आइकॉन की वापसी होगी, या कोई नई फिल्म अनाउंस की जाएगी। अब YRF हमें 2 दिन और इंतजार कराएगा।”
अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी वॉर 2 में ऋतिक रोशन, एनटीआर जूनियर और कियारा आडवाणी लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म 14 अगस्त को हिंदी, तेलुगू और तमिल में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
















