अजय देवगन ने बीते दिनों यू.के. में अपनी एक्शन कॉमेडी सन ऑफ सरदार के सीक्वल, सन ऑफ सरदार 2 की शूटिंग शुरू की । सन ऑफ सरदार 2 में अजय देवगन के साथ संजय दत्त, विजय राज, मृणाल ठाकुर, रवि किशन, चंकी पांडे, बिंदु दारा सिंह, नीरू बाजवा, दीपक डोबिरियाल, कुब्रा सैत समेत कई कलाकार अहम रोल में नज़र आने वाले हैं । लेकिन अब खबर आ रही है कि, मेकर्स ने सन ऑफ सरदार 2 से एक अहम स्टार विजय राज को निकाल दिया है । हालांकि विजय राज ने फिल्म से बाहर होने का एक अलग ही कारण बताया लेकिन फ़िल्म के को-प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने इस पूरे मामले की पीछे की सच्चाई का खुलासा किया है ।

अजय देवगन की सन ऑफ सरदार 2 से मेकर्स ने विजय राज को किया बाहर ; को-प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने निकालने की वजह बताई एक्टर का ‘अनप्रोफ़ेशनल रवैया’ - ये है पूरा मामला

विजय राज को सन ऑफ सरदार 2 से निकाला

प्रोजेक्ट से जुड़े अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, विजय राज का कथित तौर पर सन ऑफ़ सरदार 2 के सेट पर निर्माताओं और क्रू मेंबर्स के साथ अच्छा व्यवहार नहीं था । जब हमने अजय देवगन के साथ सन ऑफ़ सरदार 2 के सह-निर्माता कुमार मंगत पाठक से इस पूरे मामले पर उनका रिएक्शन जानना चाहा तो उन्होंने बताया, “हाँ, यह सच है कि हमने सेट पर उनके दुर्व्यवहार के कारण विजय राज को फिल्म से हटा दिया है । उन्होंने बड़े कमरे, वैनिटी वैन की मांग की और स्पॉट बॉय के लिए भी हमसे ज़्यादा पैसे लिए । वास्तव में, उनके स्पॉट बॉय को प्रति रात 20,000 रुपये का भुगतान किया गया था जो किसी भी बड़े अभिनेता से अधिक है । यूके एक महंगी जगह है, और शूटिंग के दौरान सभी को स्टैंडर्ड कमरे मिले, लेकिन उन्होंने प्रीमियम सुइट्स की मांग की । जब हमने उन्हें फ़िल्म के बजट को समझाने की कोशिश की, तो उन्होंने समझने से इनकार कर दिया, और बदतमीजी से बात की । उनका लगातार जवाब था, ‘आप लोगों ने मुझे अप्रोच किया, मैं कौन सा सामने से आया काम माँगने।’ जबकि हमने उनकी सभी माँगों को पूरा करने की कोशिश की, लेकिन उनका व्यवहार खराब होता गया, क्योंकि उनकी माँगें कभी खत्म नहीं हुईं । उन्होंने 3 लोगों के स्टाफ के लिए भी दो कारों की मांग शुरू कर दी । हम ऐसा कैसे कर सकते हैं ? जब ईपी ने मना कर दिया, तो वह ईपी (कार्यकारी निर्माता) के साथ बदतमीजी से पेश आए । इन सब मुद्दों को देखते हुए फ़िल्म अंत में हमने उन्हें फिल्म से हटाने का फैसला किया।”

हालांकि विजय राज ने फ़िल्म से बाहर होने का एक अलग ही कारण बताया है । पिंकविला को बताया, “मैं ट्रायल के लिए समय से पहले लोकेशन पर पहुँच गया । मैं वैन में पहुँचा और रवि किशन मुझसे मिलने आए । ईपी आशीष और निर्माता कुमार मंगत मुझसे मिलने आए, उनके बाद निर्देशक विजय अरोड़ा आए । मैं वैन से बाहर निकला और देखा कि अजय देवगन लगभग 25 मीटर दूर खड़े थे । मैं उनका अभिवादन करने नहीं गया क्योंकि वह व्यस्त थे और मैं अपने दोस्तों से बात करता रहा । 25 मिनट बाद, कुमार मंगत मेरे पास आए और कहा, ‘आप फिल्म से निकल जाएँ, हम आपको निकल रहे हैं’। मेरी ओर से एकमात्र दुर्व्यवहार यह है कि मैंने मिस्टर अजय देवगन का अभिवादन नहीं किया । मैं क्रू से भी नहीं मिला और ये ही एकमात्र लोग हैं जिनसे मैंने बातचीत की । मुझे सेट पर पहुँचने के 30 मिनट बाद फिल्म से हटा दिया गया क्योंकि मैंने अजय देवगन का अभिवादन नहीं किया । ये शक्तिशाली लोग हैं और दुर्व्यवहार की बात तो उठती ही नहीं ।”

कुमार मंगत पाठक ने बताया कि प्रोब्लम तब शुरू हुई जब विजय राज को इस फ़िल्म के लिए साइन किया गया था ।  मंगत ने कहा, “अजय देवगन ऐसे व्यक्ति नहीं हैं जो लोगों द्वारा अभिवादन किए जाने का इंतज़ार करते हैं । उन्हें हमेशा रचनात्मक लोगों से घिरे रहना पसंद है और वे सभी के साथ सम्मान से पेश आते हैं । अजय देवगन का अभिवादन न करने के कारण उन्हें हटाए जाने की कहानी झूठी है । विजय राज को फ़िल्म से हटाने के कारण हमें कम से कम दो करोड़ का नुकसान हुआ और हम छोटी-छोटी बातों के लिए ऐसा कदम नहीं उठाएँगे । उनका व्यवहार चिंता का एक बड़ा विषय था और हमारी फ़िल्म के सेट पर अपमान के लिए कोई जगह नहीं है, क्योंकि हम एक परिवार की तरह काम करते हैं । उन्होंने लगातार हमारे सभी ईपी और यहाँ तक कि मुझसे भी कहा कि उन्हें सन ऑफ़ सरदार 2 करने की ज़रूरत नहीं है और वे सिर्फ़ इसलिए ऐसा कर रहे हैं क्योंकि हमने उनसे संपर्क किया था । वे बड़े कमरे की माँग करते रहे, जबकि वे जानते थे कि यू.के. में कमरों की कीमत बहुत ज़्यादा है । उन्होंने सहयोग करने से इनकार कर दिया । उनका व्हवाहार एक समस्या है और हम भी ऐसी मानसिकता वाले व्यक्ति के साथ जुड़ना नहीं चाहते थे ।”