अर्जुन रेड्डी जैसी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म देने वाले तेलुगु सुपरस्टार विजय देवरकोंडा की पिछली फ़िल्म डियर कॉमरेड भले ही बॉक्सऑफ़िस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई हो लेकिन इससे वह जरा भी हताश नहीं हुए है । साउथ फ़िल्म इंडस्ट्री में अपने शानदाय अभिनय का जादू चलाने वाले विजय देवरकोंडा अब अपने बॉलीवुड डेब्यू पर विचार कर रहे है । सुनने में आ रहा है कि विजय देवरकोंडा को बॉलीवुड में लॉंच करने के लिए बॉलीवुड के तीन दिग्गज फ़िल्ममेकर-करण जौहर, साजिद नाडियाडवाला और सिद्धार्थ रॉय कपूर ने उत्सुकता से अपनी रूचि दिखलाई है ।

विजय देवरकोंडा अपने तेलगु सिनेमा और दर्शकों से बेहद खुश हैं
कहा जा रहा है कि विजय अपने हिंदी डेब्यू के बारें में बात करने के लिए 6 सितंबर को मुंबई आएंगे । जब मैंने विजय से, बॉलीवुड डेब्यू के लिए मुंबई आने के बारें में पूछा, तो उन्होंने कहा, “मैं मुंबई जा रहा हूं । जब यह (बॉलीवुड लॉन्च) होगा तब होगा । मैं इसके लिए अपनी सांसे रोक कर नहीं बैठा हूं । निश्चित रूप से मैं देशभर के दर्शकों के लिए काम करना पसंद करूंगा,जो बॉलीवुड देता है । लेकिन मैं तेलुगु सिनेमा में अपने काम और दर्शकों से भी उतना ही खुश हूं । मैं बॉलीवुड में काम करने में अपनी ग्रोथ नहीं देखता । यह केवल मेरे काम को बढ़ाएगा, न कि प्रगति देगा ।''
यह भी पढ़ें : तो क्या, करण जौहर कर रहे हैं विजय देवरकोंडा को बॉलीवुड में लाने की तैयारी ?
विजय ने बॉलीवुड में उनकी दो रीमेक अर्जुन रेड्डी और डियर कॉमरेड में काम न करने पर कोई पछतावा नहीं जताया । विजय ने कहा, ''नहीं मुझे कोई पछतावा नहीं है । मैं एक जैसे किरदार को फ़िर से नहीं निभा सकता । दोहराव मुझे बिल्कुल पसंद नहीं है ।''
















