वरुण धवन, जो इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म भेड़िया की शूटिंग कर रहे हैं, एक बार फ़िर साजिद नाडियाडवाला के साथ काम करने जा रहे हैं उनकी अगली फ़िल्म सनकी में । ढिशूम और जुड़वा 2 के बाद वरुण धवन की साजिद नाडियाडवाला के साथ ये तीसरी फ़िल्म होगी । हाल ही में बॉलीवुड हंगामा ने आपको एक्सक्लूसिव जानकारी दी थी कि नाडियाडवाला की रीमेक फ़िल्म सनकी में वरुण धवन के साथ पहली बार परिणीति चोपड़ा नजर आएंगी । और अब हमें इस फ़िल्म में वरुण के किरदार के बारें में एक्सक्लूसिव जानकारी मिली है ।

इस साउथ फ़िल्म का हिंदी रीमेक है वरुण धवन की थ्रिलर फ़िल्म सनकी, निभाएंगे अपने करियर का अभी तक का सबसे चुनौतीपूर्ण किरदार

सनकी में वरुण धवन को मिला चुनौतीपूर्ण किरदार

नाडियाडवाला की फ़िल्म सनकी एक साउथ फ़िल्म का ऑफ़िशियल हिंदी रीमेक है । इस बारें में सूत्र ने हमें बताया, “साजिद नाडियाडवाला ने सुपरहिट तमिल थ्रिलर धुरुवंगल पदिनारु (Dhuruvangal Pathinaaru) के आधिकारिक अधिकार खरीदे थे । और वरुण की सनकी इसी फ़िल्म का हिंदी रीमेक है । साजिद अब इसे पैन-इंडिया प्लेटफॉर्म के अनुरूप बना रहे हैं ।”

सूत्र ने आगे बताया, “यह एक शानदार थ्रिलर फ़िल्म है जिसमें वरुण लीड रोल में नजर आएंगे । सनकी में वरुण एक ऐसे बहादुर पुलिस ऑफ़िसर की भूमिका में दिखाई देंगे जिसने एक केस को सुलझाने के दौरान अपनी एक टांग खो दी थी । निश्चितरूप से वरुण के लिए यह किरदार चुनौतीपूर्ण होने वाला है क्योंकि इससे पहले उन्होंने अपने करियर में एक विकलांग किरदार कभी नहीं निभाया ।”

मेकर्स इसकी शूटिंग इसी साल शुरू करने चाहरे हैं । जैसे ही वरुण अपनी अन्य फ़िल्में जुग जुग जियो और भेड़िया की शूटिंग पूरी कर लेंगे, उसके बाद सनकी की शूटिंग शुरू करेंगे । वह श्री राम राघवन की इक्कीस से पहले सनकी की शूटिंग पूरी करेंगे ।