
फ़िल्मी परिवार के दो नौजवान वरुण धवन और अर्जुन कपूर बचपन से ही एक-दूसरे को जानते हैं और बहुत अच्छे दोस्त हैं । दोनों के बीच न केवल गहरी दोस्ती है बल्कि दोनों के बीच जबरदस्त बॉंडिंग भी है, ये बात शायद उनके प्रशंसकों को नहीं पता होगी । दोनों काफ़ी समय से फ़िल्मों में काम कर रहे हैं लेकिन दोनों कभी साथ में नजर नहीं आए ।
अब दोनों के प्रशंसकों के लिए ये अच्छी खबर है कि वरुण धवन और अर्जुन कपूर बहुत जल्द एक साथ नजर आने वाले हैं । वरुण-अर्जुन किसी फ़िल्म में नहीं बल्कि साजिद खान और रितेश देशमुख के टॉक शो 'यारों की बारात' में एक साथ नजर आएंगे । इस शो में दर्शकों को उनका दोस्ताना देखने को मिलेगा, कि कैसे वे इस प्रतिस्पर्धी उद्योग में अपनी दोस्ती को बनाए रखते हैं और दोनों के बारें में कई सारी अनजानी बातें जाननें को मिलेंगी ।
साजिद खान और रितेश देशमुख के इस टॉक शो में कई सेलिब्रिटीज़ पहले ही फ़ाइनल हो चुके हैं, जैसे- सानिया मिर्जा और परिणीति चोपड़ा, अमिताभ बच्चन और शत्रुघ्न सिन्हा, अजय देवगन और अभिषेक बच्चन, फराह खान और करण जौहर ।
अर्जुन कपूर इन दिनों श्रद्दा कपूर के साथ अपनी आगामी फ़िल्म हाफ़ गर्लफ़्रेंड की शूटिंग कर रहे हैं । वहीं वरुण धवन इन दिनों आलिया भट्ट के साथ अपनी आगामी फ़िल्म बद्रीनाथ की दुल्हनिया के लिए शूटिंग कर रहे हैं ।
















