
भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे वर्तमान हालातों को देखते हुए इसका खामियाजा बॉलीवुड फ़िल्मों को भुगतना पड़ेगा । जम्मू-कश्मीर के उरी में हुए आतंकी हमले के परिणामों का सामना सुशांत सिंह राजपूत की फ़िल्म एम एस धोनी- द अन्टोल्ड स्टोरी करेगी । भारत के सफ़ल क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के जीवन को पर्दे पर उतारती फ़िल्म एम एस धोनी- द अन्टोल्ड स्टोरी भारत-पाक के वर्तमान हालतों के चलते पाकिस्तान में रिलीज नहीं की जाएगी ।
शुक्रवार को रिलीज हो रही भारतीय टीम के कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक फिल्म एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी को पाकिस्तान में बैन कर दिया है ।
जाहिरतौर पर पाकिस्तानी वितरकों ने इस फ़िल्म का बहिष्कार करने का फ़ैसला किया है और यह भी कहा जा रहा है कि यह फ़िल्म प्रोग्रामिंग सूची में शामिल भी नहीं है । इस खबर की पुष्टि करते हुए पाकिस्तान के सबसे बड़े फिल्म वितरण नेटवर्क में से एक आईएमजीसी ग्लोबल एंटरटेनमेंट के चेयरमैन अहमद रशीद का कहना है कि दोनों देशों के बीच चल रही नाजुक स्थिती को मद्देनजर रखते हुए इस फ़िल्म को पाकिस्तान में रिलीज नहीं करने का फ़ैसला लिया गया है । इस फिल्म को कोई भी वितरक पाकिस्तान में नहीं लाना चाहता । पाकिस्तान की वितरक कंपनी आईएमजीसी ग्लोबल एंटरटेनमेंट इस फिल्म को रिलीज करना चाहती थी, पर चैयरमैन ने मौजूदा हालात को देखते हुए रिलीज के लिए मना कर दिया ।
गौरतलब है कि वकील अजहर सिद्दीकी ने बॉलीवुड फिल्मों के खिलाफ एक जनहित याचिका दायर की थी जिसके अंतर्गत बॉलीवुड फ़िल्में सिंगल स्क्रीन पर दिखाया जाना गलत था और उनके अनुसार यह पाकिस्तान और कश्मीर में रहने वाले लोगों की भावनाओं को चोट पहुंचाने जैसा था ।
उरी हमले के चलते इन दिनों बॉलीवुड कई तरह के विरोध प्रदर्शन का सामना कर रहा है । पाकिस्तनी कलाकारों को फ़िल्म में काम न देने और उन्हें वापस भेजना और पाक कलाकारों की फ़िल्मों को रिलीज नहीं होने देने के लिए कई जगह प्रदर्शन हो रहे हैं ।
















