ऑलटाइम ब्लॉकबस्टर फ़िल्म पठान के बाद शाहरुख खान की अगली रिलीज जवान का लोगों को बेसब्री से इंतज़ार था और उनके इस इंतज़ार का पैसा वसूल तब हुआ जब पिछले हफ़्ते जवान का टीज़र रिलीज हुआ जिसने फ़िल्म के लिए एक्साइटमेंट लेवल को और ज्यादा हाई कर दिया । अब सभी को 7 सितंबर को रिलीज हो रही शाहरुख खान की जवान के ट्रेलर और गानों का बेसब्री से इंतज़ार है ।

शाहरुख खान की जवान का ट्रेलर और गानें
बॉलीवुड हंगामा को जवान के ट्रेलर और गानों को लेकर दिलचस्प अपडेट मिला है । फ़िल्म से जुड़े क़रीबी सूत्र ने हमें बताया, “ट्रेलर से पहले, जवान के निर्माता एक गाना लॉन्च करेंगे । इसका नाम ‘जिंदा बंदा’ है और यह एक आकर्षक ट्रैक है । इसमें शाहरुख हैं और इसे भव्य पैमाने पर शूट किया गया है। निर्माताओं को भरोसा है कि इस गाने की भव्यता दर्शकों को पसंद आएगी । साथ ही, उनका मानना है कि ‘जिंदा बंदा’ का ऑडियो भी लोगों को पसंद आएगा क्योंकि इसे प्रतिष्ठित संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर ने अच्छी तरह से ट्यून किया है ।” दिलचस्प बात यह है कि जवान अनिरुद्ध का पहला हिंदी फिल्म एल्बम भी है ।
सूत्र से जब पूछा गया कि ये गाना कब रिलीज होगा तो, सूत्र ने इस बारें में कहा, “निर्माताओं ने अभी तक कोई तारीख तय नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि यह अगस्त के पहले हफ्ते में लॉन्च होगा । ट्रेलर को भी एडिट कर दिया गया है लेकिन रिलीज के कुछ दिन पहले ही इसको लॉंच किया जाएगा ।”
शाहरुख के अलावा, जवान में नयनतारा, विजय सेतुपति, प्रियामणि, सान्या मल्होत्रा, सुनील ग्रोवर अहम रोल में नज़र आएँगे । इसके अलावा फ़िल्म में दीपिका पादुकोण स्पेशल अपीरियंस में नज़र आएँगी । इसके अलावा कहा जा रहा है कि, संजय दत्त और थलपति विजय भी फिल्म में कैमियो करते हुए नजर आएंगे । जवान का निर्देशन एटली ने किया है और यह हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु में भी रिलीज होगी ।
















